मासिक राशिफल सितंबर 2023: कैसा रहेगा यह महीना सिंह राशि वालों के लिए?

सिंह राशिफल सितंबर 2023: एस्ट्रोसेज लेकर आया है सिंह राशि वालों के लिए “मासिक राशिफल सितंबर 2023” का यह ब्लॉग। हम उम्मीद करते हैं कि पिछले महीने यानी कि अगस्त 2023 राशिफल ने आपको प्लानिंग करने में और महीने को बेहतर बनाने में मदद की होगी। ऐसे में, अब हम उपस्थित हैं सितंबर 2023 के राशिफल के साथ जिसमें हम जानेंगे कि सिंह राशि के लिए सितंबर 2023 का महीना कैसा रहेगा और उसके आधार पर आप भी अनुमान लगा सकेंगे कि सितंबर के महीने को और बेहतर बनाने के लिए आपको क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए। ऐसा करने से आप अपने जीवन को सही दिशा दे पाएंगे।

Varta Astrologers

दुनियाभर के विद्वान ज्योतिषियों से करें फ़ोन पर बात और जानें करियर संबंधित सारी जानकारी

आगे बढ़ने से पहले हम यह स्पष्ट कर देते हैं कि यह मासिक राशिफल गोचरों पर आधारित एक गणना है। यदि आप इस राशिफल को चंद्र राशि की बजाय लग्न राशि के अनुसार देखेंगे तो, आपको परिणाम ज्यादा सटीक लगेंगे। सिंह राशि के लिए सितंबर महीने के राशिफल को शुरू करने से पहले नज़र डालते हैं ग्रहों की स्थिति पर क्योकि राशिफल गोचर के परिणामों के आधार पर ही तैयार किये जाते हैं।

सितंबर 2023 में सिंह राशि वालों के लिए ग्रहों के गोचर

सिंह राशि वालों के लिए 17 सितंबर तक सूर्य सिंह राशि अर्थात आपके पहले भाव में रहने वाले हैं और इसके बाद सूर्य आपके दूसरे भाव में चले जाएंगे। यद्यपि, सूर्य के ये दोनों ही गोचर अच्छे नहीं माने गए हैं, लेकिन 17 सितंबर तक सूर्य अपनी राशि में रहेंगे और गुरु ग्रह के भी प्रभाव में रहेंगे। अत: तुलनात्मक रूप से 17 सितंबर के पहले का समय कुछ बेहतर रह सकता है। मंगल गोचर की बात करें तो, मंगल ग्रह पूरे महीने आपके दूसरे भाव में अर्थात कन्या राशि में ही रहने वाले हैं। ऐसे में, मंगल ग्रह से हमें अधिक अनुकूलता की उम्मीद नहीं रखनी चाहिए। बुध ग्रह की बात करें तो, बुध ग्रह पूरे महीने आपके पहले भाव में सिंह राशि में ही रहने वाले हैं। बुध के लिए यह सही स्थिति नहीं कही जाएगी। हालांकि, 13 सितंबर के बाद बुध उदय हो रहे हैं और 17 सितंबर के बाद मार्गी हो रहे हैं। अतः महीने के दूसरे पक्ष में तुलनात्मक रूप से कुछ हद तक अनुकूलता भी देखने को मिल सकेगी। 

गुरु ग्रह की बात करें तो, गुरु ग्रह पूरे महीने आपके नौवें भाव में ही रहने वाले हैं जो कि एक अच्छी प्लेसमेंट है। लेकिन, 4 सितंबर से गुरु वक्री हो जाएंगे। साथ ही, इस महीने गुरु शुक्र के नक्षत्र और अपने ही उपनक्षत्र में रहने वाले हैं। अतः बृहस्पति इस महीने आपको एवरेज से बेहतर परिणाम दे सकते हैं। वहीं, शुक्र ग्रह पूरे महीने कर्क राशि अर्थात आपके द्वादश भाव में रहने वाले हैं। शुक्र के लिए यह एक अच्छी स्थिति है ऊपर से 4 सितंबर से मार्गी होने के कारण शुक्र आपको काफ़ी हद तक अच्छे परिणाम दे सकते हैं। शनि ग्रह की बात की जाए तो, शनि ग्रह कुंभ राशि में वक्री अवस्था में राहु के नक्षत्र में आपके सप्तम भाव में होंगे। 8 सितंबर तक शनिदेव बृहस्पति के उप नक्षत्र के प्रभाव में रहेंगे। वहीं, 8 सितंबर के बाद शनि ग्रह राहु के उप नक्षत्र में चले जाएंगे यानी कि इस महीने शनि से अधिक अनुकूलता की उम्मीद नहीं रखी जा सकती है।  

राहु ग्रह के गोचर को देखें तो, राहु ग्रह मेष राशि अर्थात आपके भाग्य भाव में केतु के नक्षत्र में रहने वाले हैं। साथ ही, 26 सितंबर तक यह शुक्र के उप नक्षत्र में और इसके बाद, केतु के उप नक्षत्र में चले जाएंगे। वैसे तो, राहु का यह गोचर अच्छा नहीं माना गया है लेकिन शुक्र और केतु के प्रभाव के चलते कुछ मामलों में अच्छे परिणाम मिलने की उम्मीदें हैं। केतु ग्रह की बात करें तो, केतु ग्रह तुला राशि में यानी कि आपके तीसरे भाव में मंगल के नक्षत्र में रहने वाले हैं। वैसे तो केतु का यह गोचर अच्छा माना गया है, लेकिन मंगल के प्रभाव के चलते अच्छाई में से कुछ कटौती हो सकती है, अर्थात केतु आपको एवरेज से बेहतर परिणाम दे सकता है। आइए अब जानते हैं कि इन सभ ग्रहों के गोचर का संयुक्त रूप से आपकी राशि पर क्या प्रभाव पड़ने वाला है। 

मासिक राशिफल सितंबर 2023: सिंह राशि वालों का राशिफल

सितंबर 2023 में सिंह राशि वालों का करियर

सिंह राशि वालों को कार्यक्षेत्र के मामले में सितंबर का महीना एवरेज से कुछ हद तक बेहतर परिणाम भी दे सकता है। आपके करियर भाव के स्वामी शुक्र इस महीने आपके द्वादश भाव में हैं। सामान्य तौर पर शुक्र के गोचर को द्वादश भाव में अच्छा माना गया है और इसके फलस्वरूप, कार्यक्षेत्र से जुड़े मामलों में आप अच्छे परिणाम प्राप्त कर सकेंगे। हालांकि, ज्योतिष के नियमानुसार, द्वादश भाव बहुत अच्छा नहीं माना गया है। यही कारण है कि शुक्र शायद हंड्रेड परसेंट न देकर एवरेज से बेहतर परिणाम देना चाहेगा। 4 सितंबर से शुक्र ग्रह मार्गी हो जाएंगे जो पहले से ज्यादा बेहतर परिणाम देना चाहेंगे। इन सबके बावजूद भी सामान्य लोगों की तुलना में उन लोगों के लिए शुक्र का गोचर ज्यादा फायदेमंद रह सकता है जिनके कार्यक्षेत्र का संबंध उनके जन्म स्थान से दूर के किसी स्थान से अथवा विदेश से हैं। जो लोग जन्म स्थान से दूर रहकर काम कर रहे हैं अथवा विदेश इत्यादि से संबंधित काम कर रहे हैं, तो उन्हें इस महीने अनुकूल परिणाम मिल सकते हैं। 

यदि आप नौकरीपेशा हैं, तो इस महीने थोड़ी सी एक्स्ट्रा सावधानी रखने की जरूरत होगी। यद्यपि, शुक्र की अनुकूलता कोई बड़ी समस्या नहीं आने देगी, लेकिन शनि ग्रह की स्थिति इस महीने बहुत अच्छी नहीं है इसलिए कुछ ऐसे काम भी करने पड़ सकते हैं जिन्हें करने की इच्छा आपकी नहीं होगी अथवा सहकर्मी कार्यालय के माहौल को कुछ ऐसा बना देंगे जो शायद आपको पसंद न आए। इन सबके बावजूद भी आप ईमानदारी और निष्ठापूर्वक काम करते रहेंगे, तो आप अपने लक्ष्य को पूरा करके वरिष्ठों के द्वारा प्रशंसा प्राप्त कर सकेंगे। वहीं, व्यापार-व्यवसाय से जुड़े मामलों में थोड़ी सी एक्स्ट्रा केयर करने की जरूरत होगी क्योंकि बुध का गोचर पहले भाव में अच्छा नहीं माना गया है। हालांकि, सूर्य और बृहस्पति के प्रभाव के चलते चीजें ख़राब नहीं होंगी, लेकिन शनि का प्रभाव इस बात का संकेत कर रहा है कि व्यापारिक मामले में किसी भी प्रकार का रिस्क लेना उचित नहीं रहेगा। सारांश यह है कि सितंबर 2023 का महीना सिंह राशि के लोगों को कार्यक्षेत्र में एवरेज से बेहतर परिणाम दे सकता है। ईमानदारी, निष्ठा और अनुभव के आधार पर काम करने वाले व्यक्ति काफ़ी हद तक अनुकूल परिणाम प्राप्त करने में समर्थ रहेंगे। 

पाएं अपनी कुंडली आधारित सटीक शनि रिपोर्ट

सितंबर 2023 में सिंह राशि वालों की आर्थिक स्थिति

सिंह राशि वालों को आर्थिक मामलों में यह महीना औसत परिणाम दे सकता है। एक ओर जहां धन और लाभ भाव के स्वामी का कनेक्शन पहले भाव से होने के कारण आपको अच्छे परिणाम मिलने के संकेत मिल रहे हैं। वहीं, ज्योतिष में पहले भाव में बुध का गोचर अच्छा नहीं माना जाता है। इन दोनों स्थितियों को मिलाकर देखें तो परिणाम एवरेज नज़र आ रहे हैं, लेकिन धन के कारक बृहस्पति की बुध ग्रह पर दृष्टि सकारात्मकता को बढ़ा रही है। वहीं, दूसरे भाव में मंगल का गोचर कमज़ोर परिणाम देना चाह रहा है। इस तरह से हम पा रहे हैं कि इस महीने आपको आर्थिक मामलों में सावधानीपूर्वक काम करने की जरूरत होगी। हालांकि, यदि अनुभव और सावधानी का सहारा आपने लिया तो परिणाम काफ़ी अच्छे मिल सकेंगे इसलिए हमने इस महीने को एवरेज परिणाम देने वाला कहा है। दूसरे भाव पर मंगल ग्रह का प्रभाव इस बात का संकेत कर रहा है कि संचित धन को खर्च करके आप भूमि-भवन इत्यादि खरीदने या बेहतर करने का काम कर सकते हैं अथवा घरेलू सुख-सुविधाओं पर धन खर्च कर सकते हैं। हालांकि, लाभ मिलने की संभावनाओं के चलते आर्थिक मामलों में कोई समस्या नहीं आनी चाहिए। वहीं, धन और लाभ भाव का स्वामी बुध ग्रह महीने के दूसरे पक्ष में अपेक्षाकृत ज्यादा मजबूत रहेगा। अतः महीने के पहले पक्ष की तुलना में महीने का दूसरा पक्ष आर्थिक मामलों में बेहतर परिणाम दे सकता है। 

सितंबर 2023 में सिंह राशि वालों का स्वास्थ्य

सिंह राशि वालों को स्वास्थ्य के मामले में सितंबर का महीना मिले-जुले परिणाम देने का संकेत कर रहा है। महीने के पहले पक्ष में विशेषकर 17 सितंबर तक आपका राशि स्वामी अपनी ही राशि में रहेगा। अतः वह स्वास्थ्य से संबंधित मामलों में आपका पूरी तरह से सपोर्ट करना चाहेगा, लेकिन शनि ग्रह की दृष्टि जो कि आपकी राशि और राशि स्वामी दोनों पर है, यह बीच-बीच में कुछ परेशानियां दे सकती हैं। इन सबके बीच एक सकारात्मक बात निकलकर यह सामने आ रही है कि बृहस्पति की दृष्टि शनि से मिलने वाली नकारात्मकता को कम करने अथवा समाप्त करने का काम कर सकती है। इस तरह से हम आपके राशि की स्थिति को औसत पा रहे हैं। वहीं, 17 सितंबर के बाद आपका राशि स्वामी सूर्य दूसरे भाव में चला जाएगा। दूसरे भाव में सूर्य के गोचर को अच्छा नहीं माना गया है। ऊपर से सूर्य-मंगल की युति के चलते मुख से संबंधित कुछ परेशानियां रह सकती हैं जैसे कि मुंह में छाले, दांतों की तकलीफ, आंखों में जलन अथवा एसिडिटी इत्यादि। सारांश यह है कि सितंबर 2023 का महीना सिंह राशि वालों के स्वास्थ्य के लिए औसत रहेगा। उस पर भी महीने के दूसरे भाग में स्वास्थ्य के प्रति अपेक्षाकृत अधिक जागरूक रहना होगा। स्वास्थ्य का ख्याल रखकर तथा योग-व्यायाम इत्यादि का सहारा लेते हुए आप अपने आपको किसी बड़ी स्वास्थ्य समस्या से दूर रख सकेंगे, अर्थात कोई बड़ी स्वास्थ्य समस्या नहीं आने पाएगी। 

करियर की हो रही है टेंशन! अभी ऑर्डर करें कॉग्निएस्ट्रो रिपोर्ट

सितंबर 2023 में सिंह राशि वालों की शिक्षा

सिंह राशि वालों को शिक्षा के मामले में सितंबर का महीना अच्छे परिणाम देने का काम कर सकता है। यद्यपि, इस महीने आपके राशि स्वामी सूर्य का गोचर बहुत अच्छी स्थिति में नहीं हैं लेकिन 17 सितंबर तक सूर्य आपके पहले भाव में रहेंगे। अतः स्वास्थ्य में कोई बड़ी समस्या न आने के कारण आप अपने अध्ययन पर फोकस कर सकेंगे। वहीं, 17 सितंबर के बाद सूर्य दूसरे भाव में चले जाएंगे, यह अच्छी बात नहीं है लेकिन सूर्य और बुध के बीच में एक्सचेंज रहेगा। इसके फलस्वरूप, शिक्षा के मामले में अच्छे परिणाम मिल सकेंगे। ऊपर से, लग्न में स्थित बुध पर बृहस्पति की दृष्टि होने के कारण अच्छे परिणाम प्राप्त होंगे। हालांकि, प्रथम भाव में बुध के गोचर को अन्य मामलों में अच्छा नहीं माना जाता है, लेकिन बौद्धिक कार्य और शिक्षा से जुड़े मामलों में कुछ हद तक अच्छे परिणाम की उम्मीद की जा सकती है। विशेषकर ऐसी स्थिति में जब उच्च शिक्षा का कारक बृहस्पति प्रथम भाव तथा प्रथम भाव में स्थित ग्रह को देख रहा हो। प्राथमिक शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को तुलनात्मक रूप से कमज़ोर तो वहीं उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। हालांकि, महीने के पहले पक्ष में बुध ग्रह वक्री और अस्त रहेगा। अतः महीने का दूसरा पक्ष अपेक्षाकृत बेहतर परिणाम देता हुआ प्रतीत हो रहा है। इन सबके बावजूद भी शनि की दृष्टि को ध्यान में रखते हुए हम सलाह देंगे कि किसी भी प्रकार की लापरवाही और आलस शिक्षा के लिए उचित नहीं कहा जाएगा। सारांश यह है कि सितंबर 2023 का महीना शिक्षा के मामलों में एवरेज से बेहतर परिणाम दे सकता है। विशेषकर ऐसे विद्यार्थी जो मेहनती हैं और उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं उन्हें अपनी मेहनत के संतोषप्रद परिणाम पर्याप्त मात्रा में मिल जाएंगे। अन्य विद्यार्थियों को तुलनात्मक रूप से अधिक मेहनत करने की जरूरत होगी, अन्यथा कुछ कठिनाइयां देखने को मिल सकती हैं। 

सितंबर 2023 में सिंह राशि वालों का प्रेम और दांपत्य जीवन 

सिंह राशि वालों के पंचम भाव अर्थात प्रेम भाव के स्वामी बृहस्पति नवम भाव में हैं। गुरु प्रेम भाव को देख भी रहे हैं और वह शुक्र के नक्षत्र में बैठे होंगे जो कि अच्छी बात है। लेकिन, 4 सितंबर से बृहस्पति ग्रह वक्री होने जा रहा है, यह कमज़ोर बात है। ऐसी स्थिति में प्रेम संबंध में इस महीने मिले-जुले परिणाम मिल सकते हैं। इस दौरान आपस में बेवजह के विवाद से बचना है। अगर साथी की कोई बात आपकी समझ में नहीं आ रही है, तो उनसे बेवजह बहस न करें। अगर उनकी मांग या डिमांड जायज लग रही है तो उसे मान लें, अन्यथा प्यार से समझाकर मामले को शांत करने की कोशिश करें क्योंकि बेवजह का मतभेद उचित नहीं होगा। वहीं, दांपत्य जीवन के मामलों की बात करें तो, शनि इस महीने अपनी राशि में वक्री अवस्था में होंगे। साथ ही, राहु के नक्षत्र में रहेंगे। ये दोनों ही बातें अच्छी नहीं हैं। हालांकि, 8 सितंबर तक बृहस्पति के प्रभाव के चलते परिस्थितियां तुलनात्मक रूप से बेहतर रहेंगी, लेकिन 8 सितंबर के बाद राहु के उप नक्षत्र के प्रभाव के चलते आपस में संदेह बढ़ सकता है। अतः ऐसे दंपति जो एक-दूसरे पर कम यकीन करते हैं, उन्हें इस महीने सावधानीपूर्वक निर्वाह करने की जरूरत होगी। ध्यान रखें कि जरूरी नहीं है कि आपको जो संदेह है वह सही ही हो, इसलिए जब तक एक से अधिक प्रमाण न मिल जाए, एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप करने से बचें। बल्कि ट्रांसपेरेंसी के साथ एक-दूसरे से बर्ताव करें। याद रखें कि संबंधों को ईमानदारी के साथ निभाने पर ही संबंधों का आनंद मिलता है। अतः संबंधों को ईमानदारी से निभाने की कोशिश करें। विशेषकर इस महीने ऐसा कुछ न करें, जिससे एक-दूसरे के प्रति अविश्वास के भाव उत्पन्न हो। सारांश यह है कि लव लाइफ में यह महीना मिले-जुले परिणाम दे सकता है, तो वहीं दांपत्य जीवन के मामलों में बहुत ही सावधानी से निर्वाह करना होगा। 

सितंबर 2023 में सिंह राशि वालों का पारिवारिक जीवन

सिंह राशि वालों को पारिवारिक मामलों में इस महीने बहुत ही सावधानीपूर्वक निर्वाह करना होगा। आपके दूसरे भाव का स्वामी बुध इस महीने आपके पहले भाव में रहने वाला है। पहले भाव में बुध के गोचर को अच्छा नहीं माना गया है। ऊपर से महीने के पहले भाग में बुध वक्री और अस्त रहने वाला है। आपके दूसरे भाव में इस पूरे महीने मंगल ग्रह गोचर कर रहे हैं। ये सारी स्थितियां इस बात का संकेत कर रही हैं कि परिजनों के बीच में किसी बात पर वाद-विवाद हो सकता है। अतः समझदारी इसी में है कि यथासंभव वाद-विवाद को टालें। यदि कोई पारिवारिक सदस्य बेवजह विवाद के मूड में नज़र आए तो स्वयं को शांत कर लेना ही समझदारी का काम होगा। वहीं, चतुर्थ भाव की स्थिति को देखें तो चतुर्थ भाव का स्वामी मंगल दूसरे भाव में रहने वाला है। यह भी बहुत अच्छी नहीं है, लेकिन बाकी अन्य कोई नकारात्मक प्रभाव चतुर्थ भाव पर नज़र नहीं आ रहा है। इस कारण से समझदारी से निर्वाह करने की स्थिति में कोई बड़ी परेशानी नहीं आनी चाहिए। इस महीने कोई घरेलू इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने का विचार बन सकता है। हालांकि यदि अधिक जरूरी न हो तो इस महीने आग या बिजली के सामान खरीदने से परहेज करें। 

सितंबर 2023 में सिंह राशि वालों के लिए उपाय

  • सूखे हुए नारियल मंदिर में दान करें। 
  • नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करें। 
  • गणेश जी का पूजन हितकारी रहेगा। 

हम उम्मीद करते हैं कि सितंबर महीने के इस राशिफल को जानने के बाद आप अपने इस महीने को बेहतर ढंग से प्लान करेंगे और उस प्लानिंग के अनुसार सही ढंग से आचार-व्यवहार करते हुए आप बेहतर परिणाम प्राप्त करने में सफल रहेंगे। भगवती आप सब पर कृपा बनाए रखें। 

सभी ज्योतिषीय समाधानों के लिए क्लिक करें: ऑनलाइन शॉपिंग स्टोर

हम उम्मीद करते हैं कि आपको हमारा यह लेख ज़रूर पसंद आया होगा। अगर ऐसा है तो आप इसे अपने अन्य शुभचिंतकों के साथ ज़रूर साझा करें। धन्यवाद!

Dharma

बजरंग बाण: पाठ करने के नियम, महत्वपूर्ण तथ्य और लाभ

बजरंग बाण की हिन्दू धर्म में बहुत मान्यता है। हनुमान जी को एक ऐसे देवता के रूप में ...

51 शक्तिपीठ जो माँ सती के शरीर के भिन्न-भिन्न अंगों के हैं प्रतीक

भारतीय उप महाद्वीप में माँ सती के 51 शक्तिपीठ हैं। ये शक्तिपीठ माँ के भिन्न-भिन्न अंगों और उनके ...

सिद्ध कुंजिका स्तोत्र (Kunjika Stotram) से पाएँ दुर्गा जी की कृपा

सिद्ध कुंजिका स्तोत्र एक ऐसा दुर्लभ उपाय है जिसके पाठ के द्वारा कोई भी व्यक्ति पराम्बा देवी भगवती ...

12 ज्योतिर्लिंग: शिव को समर्पित हिन्दू आस्था के प्रमुख धार्मिक केन्द्र

12 ज्योतिर्लिंग, हिन्दू आस्था के बड़े केन्द्र हैं, जो समूचे भारत में फैले हुए हैं। जहाँ उत्तर में ...

दुर्गा देवी की स्तुति से मिटते हैं सारे कष्ट और मिलता है माँ भगवती का आशीर्वाद

दुर्गा स्तुति, माँ दुर्गा की आराधना के लिए की जाती है। हिन्दू धर्म में दुर्गा जी की पूजा ...

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा.