महाराष्ट्र कांग्रेस में छाये संकट के बादल, भाजपा के संपर्क में पार्टी के 8-10 विधायक

लोकसभा चुनाव में करारी शिकस्त के बाद अब कांग्रेस को महाराष्ट्र से भी तगड़ा झटका लग सकता है। दरअसल, ये कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस के मौजूदा 8-10 विधायक बीजेपी का दामन थाम सकते हैं। पार्टी के दिग्गज नेता और महाराष्ट्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राधाकृष्ण पाटिल ने विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफ़ा दे दिया है। उनके साथ राज्य के पूर्व मंत्री अब्दुल सत्तार ने विधायक पद से अपना इस्तीफा दे दिया है। उनका दावा है कि कांग्रेस के आठ से दस विधायक बीजेपी के संपर्क में है जो कभी भी पार्टी छोड़ सकते हैं। दोनों नेताओं के इस्तीफ़े ये साफ संकेत दे रहे हैं कि राज्य में कांग्रेस के लिए संकट बढ़ने वाला है।

पहले ही दे दिए थे पार्टी छोड़ने के संकेत

आपको बता दें कि राधाकृष्ण पाटिल ने उस वक्त पार्टी छोड़ने के संकेत दे दिए थे जब लोकसभा चुनाव में उनके बेटे को टिकट नहीं दिया गया। हालाँकि उन्होंने बीते अप्रैल को ही नेता प्रतिपक्ष के पद से इस्तीफ़ा दे दिया था और लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान भी उन्होंने हिस्सा नहीं लिया था। उधर, उनके बेटे सुजॉय पाटिल कांग्रेस को अलविदा कहकर बीजेपी की ओर से राज्य की अहमदनगर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा था और उसमें जीत भी दर्ज की थी।

अशोक चव्हाण भी कर चुके हैं इस्तीफे की पेशकश

इधर, महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चव्हाण पार्टी को अपने पद से इस्तीफे की पेशकश कर चुके हैं। लेकिन कांग्रेस हाईकमान ने अभी तक उनके इस्तीफे को स्वीकार नहीं किया है। ग़ौरतलब है कि महाराष्ट्र में कुछ महीने बाद ही विधानसभा के चुनाव होने हैं। ऐसे में पार्टी के नेताओं का पार्टी को छोड़कर जाना कांग्रेस के सामने बड़े संकट को पैदा कर सकता है।