इन ऐतिहासिक मैदानों पर होंगे वर्ल्ड कप 2019 के मुकाबले

30 मई से इंग्लैंड में क्रिकेट विश्व कप का आगाज हो गया है। पहला मुकाबला मेजबान इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। इस बार इंग्लैंड, भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें काफी मजबूत हैं और इसलिए क्रिकेट के जानकार इन तीनों टीमों में से एक को विजेता के रुप में देख रहे हैं। हालांकि आज हम विश्व कप में भाग ले रही टीमों के बारे में बात नहीं करेंगे बल्कि जिन मैदानों में विश्व कप के मैच होने हैं उनके बारे में आपको बताएंगे। क्रिकेट विश्व कप के नजरिये से देखा जाए तो ये सारे मैदान ऐतिहासिक कहे जा सकते हैं।

लॉर्ड्स

इस ऐतिहासिक मैदान में अब तक विश्व कप के 10 मैच खेले जा चुके हैं। इस मैदान को क्रिकेट का मक्का भी कहा जाता है और इस विश्व कप में भी इस मैदान पर फाइनल समेत पांच और मुकाबले खेले जाने हैं। आपको बता दें कि भारत ने कपिल देव की कप्तानी में पहली बार विश्व कप इसी मैदान पर जीता था।

ओवल

इंग्लैंड का यह मैदान भी क्रिकेट के ऐतिहासिक मैदानों में से एक है। इस मैदान पर ही विश्वकप का उद्घाटन मैच भी खेला जाएगा। यहीं पर इंग्लैंड की टीम ने साल 1880 में अपना पहला घरेलू टेस्ट मैच खेला था। इस मैदान पर भी विश्व कप के पांच मुकाबले खेले जाएंगे।

काउंटी मैदान, ब्रिस्टल

इस मैदान पर आज तक विश्व कप के तीन ही मुकाबले खेले गए हैं। इस मैदान को इस बार विश्व कप के मैचों के लिए तैयार किया गया है और यहां इस बार चार मैच खेले जाएंगे। भारतीय टीम इस मैदान पर कोई भी मैच नहीं खेलेगी। आपको बता दें कि यह वही मैदान है जहां पिता की मृत्यु के बाद 1999 विश्व कप में केन्या के खिलाफ सचिन तेंदुलकर ने शतक जड़ा था।

ओल्ड ट्रैफर्ड, मैनचेस्टर

इस मैदान पर आज तक विश्व कप के 11 मुकाबले खेले गए हैं। इस बार यहां विश्व कप के छह मुकाबले खेले जाने हैं। भारतीय टीम इस मैदान पर विश्व कप 2019 के दो मुकाबले खेलेगी। भारत-पाकिस्तान का मुकाबला भी इसी मैदान पर खेला जाना है। आपको बता दें कि इसी मैदान पर भारत ने पाकिस्तान को 1999 के वर्ल्ड कप में हराया था।

ट्रेंटब्रिज, नॉटिंघम

इस मैदान पर इस बार विश्व कप के पांच मुकाबले खेले जाने हैं। अभी तक इस मैदान पर विश्व कप के 11 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इस विश्व कप में इसी मैदान पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच मैच खेला जाना है। इंग्लैंड में जब भी विश्व कप हुआ है इस मैदान पर मैच जरुर खेला गया है।

भारत की क्रिकेट टीम इस विश्व कप में खिताब की प्रबल दावेदार है। अगर भारतीय टीम अपना शत प्रतिशत दे पायी तो उसे जीतने से कोई नहीं रोक सकता। भारत के लोगों को पूरी उम्मीद है कि विश्व कप इस बार भारत ही आएगा।