हरियाली अमावस्या कल: विशेष लाभ के लिए राशि अनुसार करें ये उपाय !

कल 1 अगस्त को देश भर में हरियाली अमावस्या का त्यौहार मनाया जाएगा। इस अमावस्या को कुछ जगहों पर श्राद्ध अमावस्या या श्रावण अमावस्या के नाम से भी जाना जाता है। हिन्दू धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आज के दिन विशेष रूप से पित्तरों की पूजा भी की जाती है। खास करके उनकी जिनका अंतिम संस्कार ठीक से ना किया गया हो या फिर जिनके अंतिम संस्कार के वक़्त कोई अप्रिय घटना घटित हुई हो। इस दिन व्यक्ति अपने पित्तरों को प्रसन्न करने के लिए भी विशेष उपाय करते हैं। आज हम आपको बताने जा रहे हैं हरियाली अमावस्या का महत्व और साथ ही बताएंगे राशि अनुसार किये जाने वाले विभिन्न उपायों के बारे में। 

हरियाली अमावस्या का महत्व 

आपको बता दें कि सावन के महीने में आने वाली इस अमावस्या को श्रावण अमावस्या के नाम से जाना जाता है। चूँकि सावन माह में चारों हरियाली देखने को मिलती है इसलिए इस अमावस्या को हरियाली अमावस्या के नाम से भी जानते हैं। अमावस्या के दिन विशेष रूप से पिंड दान और पित्तर पूजा को ख़ासा महत्व दिया जाता है इसलिए इस दिन को श्राद्ध अमावस्या के नाम से भी जानते हैं। देखा जाए तो इस अमावस्या का महत्व धार्मिक और प्राकृतिक दोनों रूपों से है। इस दिन पेड़-पौधे लगाकर प्रकृति के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट करने का भी ख़ासा महत्व है और पिंड दान करके पित्तरों की आत्मा की शान्ति के लिए पूजा पाठ करना भी अहम माना जाता है। 

विशेष लाभ के लिए इस दिन राशि अनुसार करें ये उपाय 

मेष : मेष राशि वालों के लिए विशेष रूप से आज के दिन लाभ प्राप्ति के लिए गरीबों को सरसों का तेल और लाल रंग की राई दान में देनी चाहिए। 

वृषभ: आपके लिए आज के दिन गाय को हारा चारा खिलाना फलदायी साबित हो सकता है। 

मिथुन: आज के दिन मिथुन राशि के जातक यदि तालाब में मछलियों के लिए आटे की गोलियां बनाकर डालते हैं तो इससे उन्हें लाभ मिल सकता है। 

कर्क : सुखमय जीवन के लिए आज के दिन शिवलिंग पर कच्चे दूध चढ़ाना फलदायी हो सकता है। इसके साथ ही मीठे चावल बांटना भी शुभ फलदायी हो सकता है। 

सिंह : आज के दिन गरीबों को अनाज दान करने और दुर्गा माता को लाल रंग के फूल चढ़ाने से आप विभिन्न लाभ प्राप्त कर सकते हैं। 

कन्या : इस राशि के जातकों को आज अपने जान पहचान में तुलसी के पौधे बांटने चाहिए और साथ ही बरगद के पेड़ में जल अर्पित करना चाहिए। 

तुला: आपके लिए आज के दिन शिव मंदिर में पूजा अर्चना करना लाभकारी साबित हो सकता है। इसके साथ ही गरीब बालिकाओं को मीठी चीजें दान करना भी फलदायी साबित हो सकता है। 

वृश्चिक: आज यदि आप पीपल के पेड़ में जल अर्पित कर पूजा करते हैं लाभ प्राप्त कर सकते हैं। शाम के वक़्त दीप दान करना भी शुभ फलदायी साबित हो सकता है। 

धनु: आपके लिए आज किसी नेत्रहीन को दूध भेंट करना लाभकारी रहेगा। साथ ही किसी गरीब परिवार को खाने पीने की चीजें दान करना भी फलदायी साबित हो सकता है। 

मकर : इस राशि के जातकों के लिए आज के दिन शनिदेव की पूजा करना फलदायी साबित हो सकता है। इसके साथ ही हरियाली तीज पर शमी का पौधा लगाकर भी आप लाभ प्राप्त कर सकते हैं। 

कुंभ : आपके लिए आज नदी में कम से कम दो नारियल प्रवाह करना अच्छा साबित हो सकता है।  इसके साथ ही किसी शनि मंदिर के बाहर गरीबों को भोजन करवाना भी फायदेमंद साबित हो सकता है। 

मीन : शिवलिंग पर शहद चढ़ाने और चीटियों को आटा खिलाना आपके लिए इस दिन शुभ फलदायी सिद्ध हो सकता है।