जानें सूर्य संक्रांति का धार्मिक महत्व

सूर्य संक्रांति हर महीने आती है। अगस्त 2019 में सूर्य संक्रांति 17 तारीख को है इस दिन सूर्य देव कर्क राशि से सिंह राशि में प्रवेश करेंगे। इस लेख के जरिये आज हम आपको बताएंगे सूर्य संक्रांति का महत्व। आपको बता दें कि इस दिन सूर्य देव एक राशि से दूसरी राशि में प्रवेश करते हैं। चूंकि सूर्य संक्रांति हर महीने आती है इसलिए एक साल में कुल बारह सूर्य संक्रांतियां होती हैं। हालांकि इन सारी संक्रांतियों में मकर संक्रांति का सबसे ज्यादा महत्व है। ऐसा माना जाता है कि इस दिन सूर्य देव अपने पुत्र शनि के घर जाते हैं। मकर राशि को शनि ग्रह का स्वामित्व हासिल है इसलिए इसे शनि देव का घर कहा जाता है। धार्मिक दृष्टिकोण से देखें तो सूर्य संक्रांति का दिन बहुत शुभ होता है और इस दिन यदि आप नीचे दिये गये कामों को करते हैं तो आपको सकारात्मक ऊर्जा मिलती है।

सूर्य संक्रांति पर क्या करें

  • सूर्य संक्रांति हर महीने आती है। इस दिन यदि आप सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और उसके बाद सूर्य देव को जल चढ़ाएं तो आपके जीवन की कई परेशानियां दूर हो जाती हैं।
  • इस दिन दान करने की भी बड़ी महत्ता है। इस दिन यदि आप जरुरतमंदों को उनकी जरुरत की चीजें देते हैं तो आपको सूर्य देव का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
  • इसके साथ ही इस दिन सुबह के समय सूर्य के सामने कुछ देर के लिए खड़ा होना चाहिेए। माना जाता है कि ऐसा करने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।
  • तीर्थस्थल पर जाकर इस दिन दान पुण्य करना शुभ माना जाता है।

इस दिन क्या न करें

  • धार्मिक दृष्टिकोण से इस दिन ग्रह प्रवेश करना शुभ नहीं माना जाता।
  • इस दिन आपको नकारात्मक लोगों की संगति से दूर रहना चाहिए।
  • इस दिन आपको मांस और मदिरा का पान भी नहीं करना चाहिए।

क्या है सूर्य संक्रांति का धार्मिक महत्व

सूर्य देव को प्रत्यक्ष देव माना जाता है। इसीलिए हिंदू धर्म के लोग सूर्य देव की पूजा करते हैं। हिंदुओं द्वारा सूर्य की पूजा प्राचीन काल से की जा रही है। सूर्य संक्रांति के दिन हिंदू धर्म के लोग सूर्य देव की पूजा करते हैं और उनके प्रति अहोभाव प्रकट करते हैं। जैसा कि हम आपको बता चुके हैं सभी बारह सूर्य संक्रांतियों में मकर संक्रांति का बड़ा महत्व है इसलिए इस दिन पूरे देश में मेले भी लगते हैं और विभिन्न प्रकार के समारोहों का आयोजन भी किया जाता है। सूर्य देव की कृपा प्राप्त करने के लिए इस दिन लोगों द्वारा यज्ञ और हवन भी किये जाते हैं। लोगों के लिए मकर संक्रांति का भले ही सबसे ज्यादा महत्व हो लेकिन धर्मिक दृष्टिकोण से देखा जाए तो हर सूर्य संक्रांति अपने आप में एक अलग महत्व रखती है। इसलिए इस दिन हर किसी को भगवान सूर्य की श्रद्धापूर्वक पूजा करनी चाहिए।

सूर्य देव की वजह से ही धरती पर जीवन संभव है इसलिए हर धार्मिक काम में सूर्य देव की पूजा अवश्य की जाती है। हिंदू धर्म के लगभग हर संस्कार में सूर्य देव को पूजा जाता है। इसलिये इस सूर्य संक्रांति पर भगवान सूर्य की पूजा करके आप भी उनकी कृपा पाएं।