सपने में इन देवताओं का नजर आना होता है बेहद शुभ, जानें क्या मिलते हैं फल

स्वप्न शास्त्र का मानना है कि हम मनुष्य यूं ही सपने नहीं देखते हैं बल्कि हर सपने का कोई न कोई अर्थ होता है। यह अर्थ किसी प्रकार का संदेश हो सकता है जो कि या तो आपके भविष्य से जुड़ा है या फिर आपके वर्तमान से जुड़ा हुआ है। यह संदेश किसी भी तरह के हो सकते हैं यानी कि कोई सपना आपको आने वाले बुरे समय को लेकर आगाह करता है जबकि कोई आने वाले अच्छे समय की जानकारी देता है। जरूरत होती है बस इन सपनों में छिपे संदेशों को समझने की। 

जीवन की दुविधा दूर करने के लिए विद्वान ज्योतिषियों से करें फोन पर बात और चैट

ऐसे में आज हम आपको इस लेख में उन सपनों के बारे में बताने वाले हैं जिनमें कोई देवी-देवता नजर आते हैं और साथ ही आपको यह भी बताएंगे कि इन देवी-देवताओं का हमारे स्वप्न में दिखना हमारे भविष्य के लिए क्या संकेत होता है। वैसे तो सनातन धर्म में 33 करोड़ देवी-देवता हैं। ऐसे में सभी देवी-देवताओं के बारे में इस लेख में बताया जाना तो संभव नहीं है लेकिन हम यहाँ आपको सनातन धर्म के कुछ प्रमुख देवी-देवताओं के बारे में जरूर बताएंगे जिनको सपने में देखना आने वाले अच्छे समय का प्रतीक है।

भगवान राम का सपने में दिखना

भगवान राम को सनातन धर्म में मर्यादा पुरुषोत्तम का दर्जा प्राप्त है। उन्हें सनातन धर्म में एक कुशल, यशस्वी और दयालु राजा के तौर पर देखा जाता है जिनके राज्य में रहने वाले जातकों को किसी भी कष्ट का सामना नहीं करना पड़ता है। ऐसे में यदि किसी जातक को स्वप्न में भगवान राम के दर्शन होते हैं तो इसका अर्थ है कि उसे जल्द ही कोई बड़ी सफलता मिलने वाली है।

भगवान हनुमान का सपने में दिखना

भगवान हनुमान भगवान श्रीराम के सबसे बड़े भक्त माने जाते हैं। उन्हें संकटमोचक भी कहा जाता है यानी कि सभी संकटों को खत्म कर देने वाले ईश्वर। हालांकि सपने में भगवान हनुमान के अलग-अलग रूप अलग-अलग फल के सूचक माने जाते हैं। जैसे कि यदि सपने में हनुमान जी विशाल रूप में नजर आयें तो इसका अर्थ यह है कि भगवान हनुमान आपकी रक्षा करने के लिए आए हैं और अब आपके सभी शत्रुओं पर आपकी विजय होगी। वहीं सपने में यदि हनुमान जी सोते हुए नजर आयें तो इसका अर्थ है कि आपको आरोग्यता का आशीर्वाद प्राप्त हुआ है। वहीं यदि सपने में भगवान हनुमान मुस्कुराते हुए नजर आयें तो इसका अर्थ है कि आपकी सारी मनोकामनाएं जल्द ही पूरी होने वाली हैं।

सपने में माता दुर्गा का नजर आना

माता दुर्गा शक्ति की देवी मानी जाती हैं। ऐसे में यदि किसी जातक को सपने में माता दुर्गा लाल वस्त्र धारण किए हुए मुस्कुराते हुए नजर आती हैं तो इसका अर्थ है कि आपको आपके जीवन में किसी पुरानी बीमारी से निजात मिल सकता है या फिर घर के किसी सदस्य के स्वास्थ्य में सुधार हो सकता है जिसको लेकर आपकी चिंता बनी रहती है। माता दुर्गा का स्वप्न में दिखना नयी नौकरी या फिर तरक्की का सूचक भी माना जाता है।

सपने में भगवान विष्णु का दिखना

भगवान विष्णु समस्त जगत के पालनकर्ता हैं। वे सृष्टि के संचालक हैं। स्वयं धन की देवी माता लक्ष्मी उनकी अर्धांगिनी हैं। ऐसे में यदि किसी जातक को सपने में भगवान विष्णु के दर्शन होते हैं तो इसका अर्थ है कि उसका भाग्योदय होने वाला है। ऐसे जातक को धन-वैभव, ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है और जीवन के सारे कष्ट दूर हो जाते हैं।

सपने में भगवान गणेश का दिखना

भगवान गणेश का सनातन धर्म में बड़ा महत्व है। किसी भी पूजा में सबसे पहले भगवान गणेश की आराधना की जाती है तभी वो पूजा सफल होती है। भगवान गणेश को विघ्नहर्ता कहा जाता है जिसका अर्थ है विघ्न यानी कि मुश्किलों को हर लेने वाले देवता। भगवान गणेश यदि किसी जातक को सपने में नजर आयें तो इसका अर्थ है कि उस जातक के जल्द ही अच्छे दिन शुरू होने वाले हैं। इसके अलावा यह सपना सुखद वैवाहिक जीवन का भी सूचक है। साथ ही इसका अर्थ यह भी है कि जल्द ही आपके घर में किसी प्रकार का मांगलिक कार्य हो सकता है।

सपने में शिवलिंग का दिखना

भगवान शिव को महादेव का दर्जा प्राप्त है यानी कि वे देवों के भी देवता हैं। उन्हें त्रिदेवों के बीच संहारक का दर्जा प्राप्त है। ऐसे में यदि किसी जातक को सपने में शिवलिंग नजर आए तो यह शुभ भविष्य का सूचक है। इसका अर्थ है कि आपके सभी शत्रुओं का नाश होगा। वे सभी व्यक्ति जो आपका बुरा चाहते हैं वो अपने इरादे में सफल नहीं हो पाएंगे।

ये भी पढ़ें : स्वप्न विशेष : वो पाँच सपने जो आपको आपका भविष्य बताते हैं

सभी ज्योतिषीय समाधानों के लिए क्लिक करें: एस्ट्रोसेज ऑनलाइन शॉपिंग स्टोर

हम उम्मीद करते हैं कि आपको हमारा यह लेख जरूर पसंद आया होगा। अगर ऐसा है तो आप इसे अपने अन्य शुभचिंतकों के साथ जरूर साझा करें। धन्यवाद!