बप्पी लाहिड़ी नहीं रहे, देखें कुंडली

अस्सी और नब्बे के दशक में भारत में डिस्को संगीत को लोकप्रिय बनाने वाले विख्यात संगीतकार बप्पी लाहिड़ी नहीं रहे। वे लगभग एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे और सोमवार को उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था। लेकिन मंगलवार को फिर से स्वास्थ्य बिगड़ने की वजह से उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

वे स्वास्थ्य संबंधी कई बीमारियों से जूझ रहे थे। आधी रात से पहले ही ऑब्स्ट्रक्टिव स्लीप एप्निया के चलते 69 वर्ष की आयु में उनका देहान्त हो गया। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को किया जाएगा, क्योंकि परिवार उनके पुत्र के अमेरिका से लौटने की प्रतीक्षा कर रहा है।

पूरी दुनिया में उनके संगीत के मुरीद हैं। देखें उनकी कुंडली में क्या थे ऐसे विशेष योग जिन्होंने उन्हें संगीत के क्षेत्र में दी इतनी बुलन्दी। साथ ही देखें कि किस तरह वर्तमान ग्रह दशा थी उनके स्वास्थ्य के लिए घातक। बप्पी दा की बहुमुखी प्रतिभा के पीछे छुपे कारणों को समझें – बप्पी लाहिड़ी की कुण्डली

संगीत के क्षेत्र में बप्पी लाहिड़ी एक जाना-माना नाम हैं। वे बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। बप्पी दा ने 1970-80 के दौरान कई सुपर हिट गाने दिए जो आज भी लोगों की ज़ुबान पर चढ़े हुए हैं। हिंदी के अतिरिक्त बांग्ला और असमिया आदि अनेक भाषाओं में उन्होंने न केवल संगीत दिया बल्कि गाने भी गाए।

उनके सितारे उन्हें राजनीति की दुनिया में भी ले गए। 2014 में राजनाथ सिंह की उपस्थिति में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। बप्पी दा उसी वर्ष चुनाव भी लड़े लेकिन यहाँ शायद भाग्य ने उनका साथ नहीं दिया और उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा।

उन्होंने अपना अंतिम गाना सन् 2020 में “बाग़ी 3” में दिया था। आख़िरी बार उन्हें छोटे पर्दे पर सलमान ख़ान के साथ रिएलिटी टीवी शो बिग बॉस 15 में देखा गया था। निश्चित तौर पर यह भारतीय संगीत प्रेमियों के लिए एक दुःखद समाचार है।