मासिक राशिफल जून 2023: तुला राशि के लिए क्या करवट लेगा ये महीना?

तुला राशि वालों, इस उम्मीद के साथ की मई 2023 महीने के राशिफल ने आपकी काफी मदद की होगी। यानी कि मई 2023 राशिफल ने आपको प्लानिंग करने में और महीने को बेहतर बनाने में ज़रूर मदद की होगी ऐसे में अब हम उपस्थित हैं जून 2023 के राशिफल के साथ। जिसमें हम जानेंगे कि तुला राशि के लिए जून 2023 का महीना कैसा रहेगा और उसके आधार पर आप भी अनुमान लगा सकेंगे कि जून के महीने को और बेहतर बनाने के लिए आपको क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए। ऐसा करने से आप अपने जीवन को और बेहतर दिशा दे पाएंगे तथा बेहतर उपलब्धियां प्राप्त कर सकेंगे।

दुनियाभर के विद्वान ज्योतिषियों से करें फ़ोन पर बात और जानें करियर संबंधित सारी जानकारी

आगे बढ़ने से पहले हम यह स्पष्ट कर देते हैं कि यह राशिफल गोचरों पर आधारित एक ज्योतिषीय गणना है। ऐसे में यदि आप अपने बारे में कुछ विशेष जानना चाह रहे हैं तो आपको अपनी कुंडली किसी विद्वान  ज्योतिषी को दिखानी चाहिए और अपनी दशाओं के अनुसार अपने भविष्य का सटीक अनुमान प्राप्त करना चाहिए। साथ ही इस राशिफल को लग्न राशि के अनुसार देखेंगे तो आपको बेहतर परिणाम मिलेंगे। 

तुला राशि के लिए जून 2023 के राशिफल की शुरुआत करने से पहले हम तुला राशि के लिए होने वाले जून 2023 के गोचरों को जान लेते हैं क्योंकि राशिफल का मुख्य आधार तो गोचर ही होते हैं। ऐसी स्थिति में गोचरों को समझना जरूरी रहता है। तो आइए तुला राशि के लिए जून 2023 के गोचर को समझते हैं।

जून महीने में सूर्य के गोचर को देखें तो यह 15 जून तक आपके आठवें भाव में रहेगा। तत्पश्चात नवम भाव में गोचर करने लग जाएगा। यानी  इस महीने हम सूर्य के गोचर से अधिक अनुकूल परिणामों की उम्मीद नहीं रखेंगे। मंगल के गोचर की बात करें तो मंगल जून के महीने में पूरे दिन कर्क राशि में ही अर्थात आपके दशम भाव में ही बने रहेंगे। अतः मंगल से हम मिले-जुले परिणामों की उम्मीद नहीं रखना चाहेंगे। 

बुध ग्रह के गोचर की बात करें तो बुध 7 जून तक आपके सातवें भाव में हैं। वहीं 7 जून से 24 जून तक यह आपके आठवें भाव में गोचर करेंगे। तत्पश्चात आपके भाग्य भाव में गोचर करने लग जाएंगे। हालांकि इस बीच में 19 जून से बुध अस्त भी हो जाएंगे। ऐसी स्थिति में हम बुध से औसत परिणामों की उम्मीद रख सकते हैं।  बृहस्पति ग्रह की बात करें तो बृहस्पति ग्रह पूरे महीने आपके सप्तम भाव पर ही बने रहने वाले हैं लेकिन 21 जून तक इन पर केतु का प्रभाव तुलनात्मक रूप से अधिक रहेगा। तत्पश्चात यह शुक्र के प्रभाव में आ जाएंगे। अर्थात बृहस्पति से भी औसत परिणामों की संभावना है। 

शुक्र ग्रह की बात करें तो शुक्र ग्रह पूरे महीने कर्क राशि में यानी कि आपके कर्म स्थान पर रहने वाले हैं। यानि कि शुक्र सामान्य तौर पर आपको थोड़े से कमजोर परिणाम दे सकते हैं। वहीं शनि ग्रह की बात करें तो शनि ग्रह पिछले महीनों की तरह आपके पंचम भाव में ही विराजमान रहने वाले हैं लेकिन 17 जून से शनि वक्री हो रहे हैं और लगभग पूरे ही महीने शनि पर राहु के नक्षत्र का प्रभाव रहेगा। ऐसे में शनि से मिले-जुले परिणामों की आशंका बन रही है। 

वहीं राहु पूरे महीने सप्तम भाव पर ही रहेगा, जिस पर केतु का प्रभाव तुलनात्मक रूप से अधिक रहने वाला है। ऐसे में राहु से विशेष अनुकूलता की उम्मीद नहीं रखनी चाहिए। केतु पूरे महीने आपके पहले भाव में राहु के प्रभाव में रहेगा। ऐसे में केतु से भी किसी सकारात्मक परिणाम की उम्मीद नहीं मिलती नज़र आ रही है। 

आइए अब आगे बढ़ते हैं और यह जान लेते हैं कि इन सभी ग्रहों के गोचरों का संयुक्त रूप से आपकी राशि यानी आप पर क्या प्रभाव पड़ने वाला है?

मासिक राशिफल जून 2023: तुला राशि वालों का राशिफल

जून 2023 में तुला राशि वालों का करियर

तुला राशि वालों, कार्यक्षेत्र के दृष्टिकोण से जून का महीना आपको मिले-जुले परिणाम दे सकता है। साथ ही साथ यह महीना आपसे अपेक्षाकृत अधिक मेहनत भी करवा सकता है। इस महीने आपके दशम भाव में मंगल और शुक्र ग्रह विशेष रूप से प्रभावी रहने वाले हैं। दोनों के ही गोचर को दशम भाव में अच्छा नहीं माना गया है। मंगल दशम भाव में पहुंचने के बाद आपकी एनर्जी को बढ़ाने का काम करेंगे। लेकिन मंगल के गोचर के बारे में कहा जाता है कि दशम भाव में मंगल रोजगार में बाधा देने का काम करता है, साथ ही साथ वरिष्ठता से मतभेद भी होने की संभावनाएं रहती हैं। 

शासन प्रशासन से जुड़े लोगों से नाराजगी की भी संभावनाएं रहती हैं लेकिन, संभवतः इसके पीछे मंगल के द्वारा दिए गए आक्रोश और घमंड का हाथ हो सकता है। तो ऐसी स्थिति में आपको चाहिए कि स्वयं के भीतर के क्रोध को शांत रखें। शांति और विनम्रता पूर्वक अपने कामों को अंजाम दें, तथा वरिष्ठों के सामने शालीनता से पेश आएं। ऐसा करने की स्थिति में मंगल आपको नकारात्मक परिणाम नहीं देंगे और आपकी उर्जा आपके कामों में सफलता दिलाने का काम कर सकती है। 

वहीं दशम भाव में पहुंचे शुक्र, व्यक्ति को आराम तलब बना सकते हैं। अथवा काम से अधिक प्रेम या अन्य विलासिता की चीजों की ओर आकृष्ट रह सकता है और परिणाम कमजोर हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में आपको पूरे समर्पण के साथ काम करने की सलाह दी जाती है। ऐसा करने की स्थिति में आपको अच्छे परिणाम मिल सकेंगे। 

पाएं अपनी कुंडली आधारित सटीक शनि रिपोर्ट

जून 2023 में तुला राशि वालों की आर्थिक स्थिति

तुला राशि वालों, आर्थिक मामलों में इस महीने आपको कुछ परेशानियां देखने को मिल सकती है। आपके लाभ भाव का स्वामी सूर्य 15 जून तक आठवें भाव में है। अतः आपकी मेहनत के परिणाम तत्काल न मिलकर थोड़ी देर से मिल सकते हैं और इस कारण से आप परेशान रह सकते हैं। हालांकि 15 जून के बाद सूर्य की स्थिति बेहतर होने वाली है। भले ही सूर्य पूरी तरह से उस समय भी आपके पक्ष में न रहे लेकिन जून के पहले भाग की तुलना में दूसरा भाग तुलनात्मक रूप से अच्छा रह सकता है। 

वहीं धन भाव के स्वामी मंगल की स्थिति को देखें तो मंगल दशम भाव में नीच अवस्था में है। मंगल का दशम भाव में गोचर बहुत अनुकूल नहीं माना गया है। लेकिन कुछ सावधानियों को रखने की स्थिति में मंगल कामों में सफलता दिला सकता है। तो यदि आप सावधानियों को अपनाएंगे तो आपके काम सफल होंगे और आपके जीवन में कोई बड़ी आर्थिक समस्या नहीं आएगी। फिर भी दूसरे भाव के स्वामी का नीच का होना धन संचय में बाधाएं दे सकता है। अतः अपनी तरफ से भी खर्चों को रोकने की कोशिश करें। यथासंभव बचत करने की कोशिश करें, साथ ही साथ वाणी में विनम्रता बनाए रखें, जिससे मंगल का नकारात्मक प्रभाव कम हो और आपको कोई आर्थिक समस्या ना आए। 

जून 2023 में तुला राशि वालों का स्वास्थ्य

तुला राशि वालों, स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से जून का महीना आपको मिलेजुले परिणाम दे सकता है। जैसा कि हम विगत कई महीनों से कहते आ रहे हैं कि आपके पहले भाव में राहु केतु का प्रभाव है। अतः लंबे समय तक आपको अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना है। किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं दिखानी है लेकिन इस महीने 15 जून तक आरोग्यता का कारक ग्रह सूर्य आपके आठवें भाव में है, जो स्वास्थ्य से संबंधित कुछ परेशानियां आने का संकेत कर रहा है। 

ऊपर से आपके सातवें और दूसरे भाव का स्वामी मंगल भी नीच अवस्था में हैं। यह भी कुछ स्वास्थ्य से संबंधित परेशानियां आने का संकेत कर रहा है। दूसरे भाव के स्वामी का नीच का होना इस बात का संकेत कर रहा है कि इस महीने आपका खान-पान असंतुलित रह सकता है ऐसी स्थिति में पेट से संबंधित अथवा मुख या गले से संबंधित कुछ परेशानियां रह सकती हैं।  वहीं सप्तम भाव के स्वामी का नीच अवस्था में होना पेशाब में जलन जैसी समस्याएं दे सकता है। जबकि सूर्य भी गर्मी और एसिडिटी जैसी समस्याएं आने का संकेत कर रहा है। कुल मिलाकर इस महीने आपको अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना है। जिससे कोई बड़ी स्वास्थ्य समस्या ना आने पाए।

जून 2023 में तुला राशि वालों की शिक्षा

तुला राशि वालों, तुला राशि वालों शिक्षा के मामले में यह महीना मिले-जुले परिणाम दे सकता है। राहु केतु का प्रभाव आपको अपनी विषय वस्तु पर एकाग्रता बनाए रखने में कुछ अड़चनें दे सकता है। हालांकि बृहस्पति की सकारात्मक दृष्टि आपकी मदद करेगी और अनवरत कोशिश करने की स्थिति में आप अपनी विषय वस्तु पर फोकस करके संतोषप्रद परिणाम भी प्राप्त कर सकेंगे। इस महीने 7 जून से 24 जून के बीच बुध का गोचर कमजोर रहेगा। ऐसी स्थिति में शिक्षा के प्रति कम गंभीर रहने वाले विद्यार्थी कमजोर परिणाम प्राप्त कर सकते हैं। 

वहीं मेहनती विद्यार्थी अथवा शोध के विद्यार्थी अच्छे परिणाम प्राप्त कर सकेंगे। शनि ग्रह का भी कुछ ऐसा ही संकेत मिल रहा है। पंचम भाव के स्वामी शनि पंचम भाव में ही हैं, यह अच्छी बात है लेकिन शनि पर भी राहु ग्रह का प्रभाव है और वैसे भी शनि मेहनती लोगों को ही अच्छे परिणाम देते हैं। इस महीने वह विद्यार्थी जो मेहनती हैं और लगातार अपने सब्जेक्ट पर फोकस करने की कोशिश में लगे हुए हैं उन्हें संतोषप्रद परिणाम मिल सकते हैं। बाकी के विद्यार्थी अपनी मेहनत को बढ़ा लेंगे तो ज्यादा अच्छा रहेगा। 

करियर की हो रही है टेंशन! अभी ऑर्डर करें कॉग्निएस्ट्रो रिपोर्ट

जून 2023 में तुला राशि वालों का प्रेम और दांपत्य जीवन

तुला राशि वालों, आपकी प्रेम स्थान का स्वामी शनि पिछले महीनों की तरह आपके पंचम भाव में ही बना हुआ है। यह एक अच्छी बात है लेकिन उस शनि पर राहु ग्रह के नक्षत्र का प्रभाव भी है। फलस्वरूप लव लाइफ में कुछ व्यवधान भी देखने को मिल सकते हैं। ऐसी स्थिति में यदि आप में से कोई भी शंकालु स्वभाव का है तो आपस में संदेह नहीं करना है। अन्यथा बात का बतंगड़ बनते हुए देर नहीं लगेगी क्योंकि इस महीने संदेह के चलते संबंधों में कुछ कमजोरी देखने को मिल सकती है।

आपका राशि स्वामी शुक्र दशम भाव में है और नीच के मंगल के साथ हैं, ऐसी स्थिति में सामाजिक मर्यादाओं का ख्याल रखना भी आवश्यक रहेगा। वहीं यदि आप अविवाहित हैं तो आपको अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। प्रेम में गर्मजोशी का लेवल और बढ़ सकता है। हालांकि काम का कुछ प्रेशर दिमाग में रह सकता है। जिसके चलते कभी कभार मूड की खराबी के चलते आप पार्टनर के साथ बेरुखी से पेश आ सकते हैं लेकिन समझदारी दिखाने की स्थिति में इस तरह की भी समस्या नहीं आने पाएगी। उम्मीद है आप समझदारी दिखाएंगे और अपने दांपत्य जीवन को खुशहाल रखेंगे। 

जून 2023 में तुला राशि वालों का पारिवारिक जीवन

तुला राशि वालों, पारिवारिक मामलों में इस महीने आपको सावधानी से निर्वाह करने की आवश्यकता रहेगी। यद्यपि आपके दूसरे भाव का स्वामी आपके राशि स्वामी के साथ युति कर रहा है। यह एक अच्छी बात है, लेकिन दशम भाव में शुक्र और मंगल दोनों ग्रहों के गोचरो को अच्छा नहीं माना गया है। फलस्वरूप यह पारिवारिक मामलों में कोई विशेष सपोर्ट नहीं करेंगे। ऊपर से दूसरे भाव का स्वामी मंगल नीच का भी है। ऐसी स्थिति में कोई पारिवारिक सदस्य आवेश में आकर घर परिवार के माहौल को खराब करने का काम कर सकता है। 

आपकी वाणी कठोरता भी इस समस्या में आग में घी डालने का काम कर सकती है। ऐसी स्थिति में परिस्थिति के अनुसार स्वयं को उस अनुरूप बनाकर परिस्थितियों पर नियंत्रण पाना ही समझदारी कही जाएगी। चतुर्थ भाव की स्थिति कोई विशेष कमजोर नहीं है, लेकिन राहु के प्रभाव के चलते कभी-कभार गलतफहमियां गृहस्थ जीवन में व्यवधान देने का काम कर सकती हैं। अतः गलतफहमीओं से बचकर परिजनों का ख्याल रखते हुए शालीनता वाला बर्ताव बनाए रखें। जिससे परिस्थितियां विरुद्ध ना होने पाए। 

जून 2023 में तुला राशि वालों के लिए उपाय

  • सूर्योदय के समय स्नान ध्यान से निवृत्त होकर सूर्य भगवान को कुमकुम मिला हुआ जल चढ़ाएं। 
  • निसंतान व्यक्ति की सहायता कर उनका आशीर्वाद लें। 
  • प्रत्येक शुक्रवार को देवी दुर्गा को गुलाब के फूलों की माला चढ़ाएं। 

तो हम उम्मीद करते हैं कि जून महीने के इस राशिफल को जानने के बाद आप अपने इस महीने को और बेहतर ढंग से प्लान करेंगे और उस प्लानिंग के अनुसार सही ढंग से आचार व्यवहार करते हुए आप बेहतर परिणाम प्राप्त करने में सफल रहेंगे। भगवती आप सब पर कृपा बनाए रखें। 

सभी ज्योतिषीय समाधानों के लिए क्लिक करें: ऑनलाइन शॉपिंग स्टोर

हम उम्मीद करते हैं कि आपको हमारा यह लेख ज़रूर पसंद आया होगा। अगर ऐसा है तो आप इसे अपने अन्य शुभचिंतकों के साथ ज़रूर साझा करें। धन्यवाद!