मासिक राशिफल अक्टूबर 2023: जानें कैसा रहेगा ये महीना मकर राशि वालों के लिए?

मासिक राशिफल अक्टूबर 2023: एस्ट्रोसेज एक बार फिर हाज़िर है मकर राशि के जातकों के लिए “मासिक राशिफल अक्टूबर 2023” का यह विशेष ब्लॉग। उम्मीद है कि सितंबर 2023 महीने के राशिफल ने आपको प्लानिंग करने में और महीने को बेहतर बनाने में मदद की होगी। ऐसे में, अब हम उपस्थित हैं अक्टूबर 2023 के राशिफल के साथ जिसमें हम जानेंगे कि मकर राशि के लिए अक्टूबर 2023 का महीना कैसा रहेगा और उसके आधार पर आप भी अनुमान लगा सकेंगे कि अक्टूबर के महीने को और बेहतर बनाने के लिए आपको क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए। ऐसा करने से आप अपने जीवन को सही दिशा दे पाएंगे।

दुनियाभर के विद्वान ज्योतिषियों से करें फ़ोन पर बात और जानें करियर संबंधित सारी जानकारी

आगे बढ़ने से पहले हम यह स्पष्ट कर देते हैं कि यह राशिफल ग्रहों के गोचरों पर आधारित एक गणना है। यदि आप इस राशिफल को चंद्र राशि की बजाय लग्न राशि के अनुसार देखेंगे तो, आपको परिणाम ज्यादा सटीक लगेंगे। मकर राशि वालोंं के लिए अक्टूबर महीने के राशिफल को शुरू करने से पहले एक नज़र डालते हैं ग्रहों की स्थिति पर।

अक्टूबर 2023 में मकर राशि वालों के लिए ग्रहों के गोचर

18 अक्टूबर तक सूर्य आपके नवम भाव में गोचर कर रहे हैं। सूर्य का यह गोचर बहुत अच्छे परिणाम देने वाला नहीं कहा गया है। वहीं 18 अक्टूबर के बाद सूर्य आपके दशम भाव में चले जाएंगे। दशम भाव में सूर्य का गोचर अच्छा होता है लेकिन नीच राशि में होने के कारण पूरी तरह से अच्छे परिणाम देने में सूर्य थोड़े से पीछे रह सकते हैं। अर्थात इस महीने आप सूर्य से मिले-जुले परिणामों की उम्मीद कर सकते हैं। मंगल ग्रह के गोचर की बात की जाए तो मंगल ग्रह 3 अक्टूबर तक आपके भाग्य भाव में तो वहीं इसके बाद आपके कर्म स्थान पर रहने वाले हैं। दोनों ही भावों में मंगल के गोचर को बहुत अच्छा नहीं कहा गया है। फिर भी आपकी एनर्जी अच्छी होने के कारण आप मंगल से मिले-जुले परिणाम की उम्मीद रख सकते हैं। बुध ग्रह का गोचर 19 अक्टूबर तक आपके नवम भाव में रहने वाला है। 

इसके बाद बुध आपके कर्म स्थान पर चले जाएंगे। ऐसी स्थिति में 19 अक्टूबर के बाद बुध ज्यादा अच्छे परिणाम देने में समर्थ रहेंगे। गुरु ग्रह के गोचर की बात की जाए तो गुरु ग्रह इस पूरे महीने मेष राशि में वक्री अवस्था में शुक्र के नक्षत्र में आपके चौथे भाव में रहने वाले हैं। चौथे भाव में बृहस्पति के गोचर को बहुत अच्छा नहीं कहा गया है। हालांकि शुक्र के प्रभाव में होने के कारण कुछ एक मामलों में बृहस्पति बीच-बीच में आपका सपोर्ट भी कर सकते हैं। पर ओवरऑल बृहस्पति से अधिक उम्मीद रखना उचित नहीं रहेगा। शुक्र ग्रह का गोचर 2 अक्टूबर तक आपके सप्तम भाव में तो वहीं 2 अक्टूबर के बाद आपके आठवें भाव में रहने वाला है। ऐसी स्थिति में 2 अक्टूबर के बाद शुक्र काफी अच्छे परिणाम दे सकते हैं। शनि ग्रह के गोचर की बात की जाए तो शनि ग्रह इस महीने भी आपके दूसरे भाव में वक्री अवस्था में रहने वाले हैं। 15 अक्टूबर तक शनि राहु के नक्षत्र वही बाद में मंगल के नक्षत्र के प्रभाव में रहेंगे। 

अतः शनि से अनुकूलता की उम्मीद रखना उचित नहीं रहेगा। राहु ग्रह चौथे भाव में मंगल की राशि व केतु के नक्षत्र के प्रभाव में रहने के कारण अनुकूल परिणाम नहीं दे पाएंगे। वहीं केतु ग्रह के गोचर की बात की जाए तो केतु ग्रह तुला राशि यानी कि आपके दशम भाव में मंगल के नक्षत्र व बुध के उप नक्षत्र में रहने वाले हैं। ऐसी स्थिति में केतु से भी अनुकूलता की उम्मीद नहीं है। आइए अब जानते हैं कि इन सभी ग्रहों के गोचर का संयुक्त रूप से आपकी राशि अर्थात मकर राशि पर क्या प्रभाव पड़ने वाला है?

मासिक राशिफल अक्टूबर 2023: मकर राशि वालों का भविष्यफल  

अक्टूबर 2023 में मकर राशि वालों का करियर:

इस महीने कार्य क्षेत्र से जुड़े मामलों में अच्छे और मनोनुकूल परिणाम प्राप्त करने के लिए थोड़ी सी अधिक मेहनत करने की जरूरत आपको पड़ सकती है। आपके करियर स्थान का स्वामी पिछले महीने की तुलना में इस महीने ज्यादा अच्छी स्थिति में है। अतः पिछले महीने की तुलना में कार्य क्षेत्र ज्यादा अच्छा रहेगा लेकिन 2 अक्टूबर से लेकर बाकी के महीने में शुक्र आठवें भाव में रहेगा। वैसे तो आठवें भाव में शुक्र के गोचर को अच्छा माना जाता है लेकिन सामान्य तौर पर आठवां भाव थोड़ी सी अधिक मेहनत लेने के लिए जाना जाता है। 

ऊपर से शनि की दृष्टि का प्रभाव भी रहेगा। भले ही शनि आपके राशि स्वामी हैं लेकिन उनके पास भी चीजों को धीमा करने का दायित्व है। तो इस तरह से हम कह सकते हैं कि कार्यक्षेत्र में अच्छे परिणाम मिलने की उम्मीद तो है लेकिन इस महीने कामों में थोड़ा सा धीमापन और छोटी-मोटी कठिनाइयां रह सकती हैं लेकिन उनके बाद परिणाम अच्छे मिलने की अच्छी उम्मीदें नजर आ रही है। संभव हो तो इस महीने कोई बड़ा निवेश न करें। वहीं जॉब में परिवर्तन इत्यादि के लिए भी यह महीना थोड़ा सा धीमा रह सकता है। सारांश यह कि इस महीने आपको अच्छे परिणाम मिलेंगे लेकिन कुछ कठिनाइयां और परेशानियां भी रह सकती हैं। जिन्हें आप थोड़ी सी कोशिश करके दूर करने में समर्थ हो सकेंगे। 

पाएं अपनी कुंडली आधारित सटीक शनि रिपोर्ट 

अक्टूबर 2023 में मकर राशि वालों की आर्थिक स्थिति

आर्थिक मामलों में इस महीने आपको मिले-जुले परिणाम मिलते हुए प्रतीत हो रहे हैं। सबसे पहले हम बात करेंगे आपके लाभ भाव के स्वामी मंगल की स्थिति की तो मंगल इस महीने तीन अक्टूबर तक आपके भाग्य भाव में है। तो वहीं बाकी के समय आपके कर्म स्थान पर रहेगा लेकिन अस्त अवस्था में रहेगा। वैसे तो ज्योतिष के नियम के अनुसार दशम भाव में मंगल का गोचर अच्छा नहीं माना जाता लेकिन जैसा कि हम अक्सर बताते हैं कि मेरे अनुभव में यहां का मंगल अच्छी ऊर्जा देता है और यदि आपने ऊर्जा का सदुपयोग किया तो आप अच्छे परिणाम प्राप्त कर सकते हैं। इसलिए हम यहां से मंगल के द्वारा औसत परिणाम की उम्मीद कर रहे हैं। यानी कि आपकी इनकम एवरेज लेवल की होती रहेगी। देवगुरु बृहस्पति की दृष्टि भी मंगल पर रहेगी। ऐसे में संतोषप्रद आमदनी होते रहने की संभावनाएं बनी हुई है। वहीं संचित धन की स्थिति को देखें तो शनि की स्थिति इस महीने औसत है। अतः धन से संबंधित दोनों ही भाव औसत लेवल की आमदनी करवाने का संकेत कर रहे हैं। ऐसे में आपको गुजारे के लायक धन मिलता रहेगा। साथ ही साथ यदि आप व्यर्थ के खर्चे को रोकने की कोशिश भी करते रहेंगे तो आर्थिक संतुलन बना रहना चाहिए। 

अक्टूबर 2023 में मकर राशि वालों का स्वास्थ्य

स्वास्थ्य की दृष्टिकोण से अक्टूबर का महीना आपको औसत परिणाम दे सकता है। आपका राशि स्वामी शनि दूसरे भाव में है। दूसरे भाव में शनि की गोचर को अच्छा नहीं माना जाता। ऊपर से शनि इस महीने वक्री है, साथ ही साथ 15 अक्टूबर तक शनि ग्रह, राहु के नक्षत्र में वहीं 15 अक्टूबर के बाद मंगल के नक्षत्र में रहेगा। ये तमाम स्थितियां इस बात का संकेत कर रही हैं कि इस महीने स्वास्थ्य बीच-बीच में थोड़ा सा कमजोर रह सकता है। विशेषकर बुखार, सिर, दर्द या चोट लगने की शिकायतें ज्यादा देखने को मिल सकती हैं। कभी-कभार पेट की तकलीफें भी देखने को मिल सकती हैं। अतः उचित खान-पान अपनाने की सलाह हम आपको देना चाहेंगे। इन सबके बीच एक सकारात्मक बात यह रहेगी कि आरोग्यता का कारक ग्रह सूर्य इस महीने 18 अक्टूबर के बाद आपके सपोर्ट में आ जाएगा। ऐसे में 18 अक्टूबर के बाद स्वास्थ्य की रक्षा सुरक्षा में सूर्य ग्रह आपकी मदद करना चाहेंगे। सारांश यह की इस महीने स्वास्थ्य का ख्याल रखना जरूरी रहेगा। वहीं तुलना करें तो महीने का दूसरा भाग स्वास्थ्य के लिए ज्यादा अच्छा रहने वाला है। 

करियर की हो रही है टेंशन! अभी ऑर्डर करें कॉग्निएस्ट्रो रिपोर्ट

अक्टूबर 2023 में मकर राशि वालों का शैक्षिक जीवन

शिक्षा के मामले में अक्टूबर का महीना आपको औसत परिणाम दे सकता है। विशेषकर पिछले महीने की तुलना में यह महीना शिक्षा की दृष्टिकोण से थोड़ा सा ही सही लेकिन बेहतर रह सकता है। क्योंकि इस महीने आपके पंचम भाव के स्वामी की स्थिति पिछले महीने की तुलना में ज्यादा अच्छी है। साथ ही साथ चौथे भाव के स्वामी मंगल भी तुलनात्मक रूप से बेहतर स्थिति में जाने वाला है। ऐसी स्थिति में मेहनत करने वाले विद्यार्थियों को काफी अच्छे परिणाम मिलते हुए प्रतीत हो रहे हैं। प्राथमिक शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी या फिर शॉर्टकट अपनाने वाले विद्यार्थी यानी कि ऐसे विद्यार्थी जो ज्ञानार्जन की बजाय पास होने के लिए औपचारिक पढ़ाई करते हैं; ऐसे विद्यार्थियों को 19 अक्टूबर के बाद का समय ज्यादा अच्छे परिणाम दे सकता है। 

बुध की स्थिति इस महीने 19 अक्टूबर से पहले भी अपनी राशि में होने के कारण ठीक रहेगी। अत: लगभग पूरा महीना ही इन लोगों को अच्छे परिणाम देना चाहेगा लेकिन तुलना करें तो 19 अक्टूबर के बाद वाला समय ज्यादा अच्छे परिणाम दे सकता है। व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी 19 अक्टूबर के बाद ज्यादा अच्छे परिणाम मिल सकेंगे। 

अक्टूबर 2023 में मकर राशि वालों का प्रेम और दांपत्य जीवन

आपके प्रेम जीवन की बात करें तो प्रेम भाव का स्वामी शुक्र इस महीने 2 अक्टूबर तक आपके सप्तम भाव में तो वहीं बाद में आपके आठवें भाव में रहने वाला है। वैसे तो आठवें भाव में अन्य ग्रहों का गोचर अच्छा नहीं माना जाता लेकिन शुक्र के गोचर को लेकर ज्योतिष के विद्वान सकारात्मक परिणाम मिलने की बात कहते हैं। अतः पंचम भाव के स्वामी की स्थिति बेहतर होने के कारण लव लाइफ में पिछले महीने की तुलना में इस महीने ज्यादा अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। हालांकि आपके राशि स्वामी शनि की दृष्टि भी शुक्र ग्रह पर रहेगी। ऐसी स्थिति में अच्छा व्यवहार करने वाले लोग लव लाइफ में अच्छे परिणाम प्राप्त कर सकेंगे। वहीं दांपत्य संबंधी मामलों की बात करें तो इस महीने दांपत्य संबंधी मामलों में कोई भी ग्रह प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से सीधा प्रभाव नहीं डाल रहा है, अलबत्ता दांपत्य भाव की स्थिति औसत रहेगी ऐसी स्थिति में दांपत्य जीवन सामान्य तौर पर अनुकूल बना रहना चाहिए। 

अक्टूबर 2023 में मकर राशि वालों का पारिवारिक जीवन

आपके पारिवारिक मामलों की बात की जाए, तो इस महीने आपके दूसरे भाव के स्वामी शनि थोड़ी सी कमजोर स्थिति मौजूद रहेंगे क्योंकि दूसरे भाव में शनि की स्थिति को अच्छा नहीं माना जाता है। ऊपर से शनि वक्री है। राहु और मंगल के प्रभाव में रहने वाला है। ये तमाम कारण पारिवारिक संबंधों में कुछ विसंगतियां उत्पन्न कर सकते हैं। अतः परिजनों से बातचीत के दौरान न सिर्फ सभ्य और सौम्य रहना है बल्कि बातें व्यर्थ की न होकर तार्किक होनी चाहिए, तभी जाकर पारिवारिक मामलों में सामंजस्य बैठ सकेगा। वहीं गृहस्थ मामलों में भी इस महीने आपको सावधानी पूर्वक निर्वाह करने की आवश्यकता रहेगी। भले ही चौथे भाव के स्वामी की स्थिति तुलनात्मक रूप से बेहतर हो रही है लेकिन इन सबके बावजूद भी चतुर्थ भाव पर शनि, मंगल, राहु-केतु जैसे ग्रहों का प्रभाव और बृहस्पति का वक्री होना आदि ऐसे लक्षण हैं जो इस बात का संकेत कर रहे हैं कि ग्रहस्थ जीवन को सुचारू रूप से चलने के लिए इस महीने आपको बहुत ही समझदारी से कम लेना होगा। 

अक्टूबर 2023 में मकर राशि वाले करें ये उपाय

  • माथे पर नियमित रूप से दूध या दही का टीका लगाएं। 
  • निःसंतान व्यक्तियों की सेवा व सहायता करें। 
  • मांस, मदिरा आदि से दूर रहते हुए स्वयं को सात्विक बनाए रखें। 

हम उम्मीद करते हैं कि अक्टूबर महीने के इस राशिफल को जानने के बाद आप अपने इस महीने को बेहतर ढंग से प्लान करेंगे और उस प्लानिंग के अनुसार सही ढंग से आचार-व्यवहार करते हुए आप बेहतर परिणाम प्राप्त करने में सफल रहेंगे। भगवती आप सब पर कृपा बनाए रखें। 

सभी ज्योतिषीय समाधानों के लिए क्लिक करें: ऑनलाइन शॉपिंग स्टोर

हम उम्मीद करते हैं कि आपको हमारा यह लेख ज़रूर पसंद आया होगा। अगर ऐसा है तो आप इसे अपने अन्य शुभचिंतकों के साथ ज़रूर साझा करें। धन्यवाद!