आज से लग रहा है पंचक, बचें इन कामों को करने से !

आज 19 जुलाई से अगले 23 जुलाई तक का समय पंचक काल कहलायेगा। ज्योतिषशास्त्र के अनुसार पंचक काल के दौरान किसी भी शुभ काम को नहीं करना चाहिए। पांच दिनों तक लगने वाले पंचक के विभिन्न प्रकार होते हैं और दिन के अनुसार ये बताया जाता है कि कौन से दिन लगने वाले पंचक के दौरान किन कामों को करने से बचना चाहिए। आइये जानते हैं कि पंचक के दौरान आपको क्या काम नहीं करना चाहिए।

आज है चोर पंचक

आपको बता दें कि आज शुक्रवार के दिन से लगने वाले पंचक को चोर पंचक कहा जाता है। चोर पंचक को भी शास्त्रों में अशुभ माना गया है। ऐसी मान्यता है कि चोर पंचक के दिन खासतौर से पैसों के लेन-देन और खर्चों के लिए सावधान रहना चाहिए क्योंकि इस दिन आर्थिक नुकसान हो सकता है। इसके साथ ही चोर पंचक के दिन किसी प्रकार के व्यापारिक काम नहीं करने चाहिए और यात्रा के लिए भी इस दिन को अशुभ माना जाता है। बहरहाल आज के दिन आपको यात्रा करने से भी बचना चाहिए।

शनिवार को लगता है मृत्यु पंचक

शनिवार के दिन लगने वाले पंचक को शास्त्रों में मृत्यु पंचक के नाम से जाना जाता है। हिन्दू धर्मशास्त्र कि माने तो मृत्यु पंचक के दिन किसी भी शुभ कार्य को करने से मृत्यु जितना कष्ट आपको भोगना पड़ सकता है। पांच दिनों के पंचक में मृत्यु पंचक को सबसे ज्यादा अशुभ माना जाता है।

रविवार को लगता है रोग पंचक

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि रविवार के दिन लगने वाले पंचक को हिन्दू धर्मशास्त्र में रोग पंचक के नाम से जाना जाता है। इस दिन व्यक्ति को विशेष रूप से सावधान रहने की आवश्यकता होती है क्योंकि इस दिन आप किसी प्रकार के रोग से ग्रसित हो सकते हैं। लिहाजा रोग पंचक के दिन अपनी सेहत का ख़ास ख्याल रखें।

सोमवार को लगता है राज पंचक

सोमवार को लगने वाले पंचक को विशेष रूप से राज पंचक कहा जाता है। हमारे शास्त्रों में इस पंचक को बेहद शुभ माना गया है। इस दिन जमीन जायदाद या धन से जुड़े कामों को करने से आपको सफलता मिल सकती है।

मंगलवार को लगता है अग्नि पंचक

आपको बता दें कि मंगलवार के दिन लगने वाले अग्नि पंचक को अशुभ पंचक माना जाता है। इस दिन खासतौर से किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं किया जाना चाहिए। जैसे की भवन निर्माण आदि के लिए आज का दिन अशुभ माना जाता है।

बहरहाल आज से शुरु पांच दिनों के विभिन्न पंचक के दौरान आपको उपरोक्त कार्यों को करने से बचना चाहिए। ऐसा कर आप काफी हद तक पंचक के अशुभ प्रभावों से बच सकते हैं।