धनु वार्षिक राशिफल 2024: नया साल धनु राशि के लिए लेकर आएगा भाग्य, मिलेगी खूब सफलता!

धनु वार्षिक राशिफल 2024: नया साल धनु राशि के लिए लेकर आएगा भाग्य, मिलेगी खूब सफलता!

धनु वार्षिक राशिफल 2024: एस्ट्रोसेज लेकर आया है धनु राशि वालों के लिए “वार्षिक राशिफल 2024” का यह ब्लॉग। हम उम्मीद करते हैं कि पिछला साल यानी कि 2023 राशिफल ने आपको प्लानिंग करने में और साल को बेहतर बनाने में मदद की होगी। ऐसे में, अब हम उपस्थित हैं वार्षिक 2024 के राशिफल के साथ, जिसमें हम जानेंगे कि धनु राशि के लिए यह वर्ष 2024 कैसा रहेगा और उसके आधार पर आप भी अनुमान लगा सकेंगे कि 2024 को और बेहतर बनाने के लिए आपको क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए। ऐसा करने से आप अपने जीवन को सही दिशा दे पाएंगे।

भविष्य से जुड़ी किसी भी समस्या का समाधान मिलेगा विद्वान ज्योतिषियों से बात करके

आगे बढ़ने से पहले हम यह स्पष्ट कर देते हैं कि यह वार्षिक राशिफल पर आधारित एक गणना है। यदि आप इस राशिफल को चंद्र राशि की बजाय लग्न राशि के अनुसार देखेंगे तो, आपको परिणाम ज्यादा सटीक लगेंगे। धनु राशि के लिए वार्षिक राशिफल 2024 को शुरू करने से पहले नज़र डालते हैं ग्रहों की स्थिति पर क्योकि राशिफल गोचर के परिणामों के आधार पर ही तैयार किये जाते हैं।

यह भी पढ़ें:  राशिफल 2024

धनु राशि के लिए साल 2024 के प्रमुख गोचर:

सबसे पहले हम बात करेंगे शनि ग्रह की जो सबसे धीमी गति से चलने वाले और सबसे लंबे समय तक एक राशि में रहने वाले ग्रह हैं। शनि ग्रह इस वर्ष आपके तीसरे भाव में रहने वाले हैं। सामान्य तौर पर इस भाव में शनि ग्रह को अच्छा माना गया है। राहु इस साल आपके चौथे तथा केतु आपके दशम भाव में रहने वाले हैं। हालांकि, ये दोनो ही गोचर अच्छे नहीं कहे गए हैं। बृहस्पति ग्रह की बात करें, तो बृहस्पति साल की शुरुआत से लेकर 1 मई 2024 तक आपके पांचवें भाव में रहेंगे जो कि एक अच्छा गोचर है। वहीं, बाद में बृहस्पति आपके छठे भाव में रहेंगे और यह स्थिति अच्छी नहीं मानी गई है। लेकिन, 1 मई 2024 के पहले बृहस्पति आपके फेवर में तो वहीं उसके बाद बृहस्पति कुछ हद तक कमज़ोर परिणाम दे सकते हैं।

मंगल ग्रह की बात करें, तो मंगल इस साल लगभग 8 बार अपनी राशि बदलने वाले हैं। इस तरह से मंगल आपके 8 भावों में गोचर करेंगे जिनमें से 2 भाव अनुकूल, 1 भाव औसत और बाकी के 5 भाव कमज़ोर रहेंगे। इसके अलावा, बाकी के गोचर अर्थात सूर्य, बुध और शुक्र ग्रहों के गोचर की चर्चा हम विस्तार से करेंगे। आइए जानते हैं कि इन सभी ग्रहों के गोचरों का आपकी राशि पर क्या प्रभाव पड़ेगा और आपके जीवन के प्रमुख क्षेत्रों में आपको कैसे परिणाम मिलेंगे।

वार्षिक राशिफल 2024: धनु राशि वालों का राशिफल

2024 में धनु राशि वालों का स्वास्थ्य

स्वास्थ्य के लिहाज़ से साल 2024 आपको सामान्य तौर पर अच्छे परिणाम दे सकता है। रोगों के कारक ग्रह शनि तीसरे भाव में अपनी ही राशि में हैं और यहां पर शनि की स्थिति अच्छी मानी जाती है। अत: शनि स्वास्थ्य में कोई बड़ी दखल नहीं देंगे। लेकिन, आपके राशि स्वामी बृहस्पति की स्थिति इस वर्ष दो बार बदलने वाली है। 1 मई 2024 तक बृहस्पति आपके पंचम भाव में रहेंगे जो कि स्वास्थ्य के लिए अनुकूल गोचर कहा जाएगा क्योंकि पंचम भाव में बैठकर बृहस्पति अपनी राशि यानी कि पहले भाव को देखेंगे और स्वास्थ्य में कोई समस्या नहीं आने देंगे। इन सबके बीच राहु का गोचर ही ऐसा है जो कभी-कभी स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालने की कोशिश कर सकता है। हालांकि, राहु शारीरिक स्वास्थ्य से अधिक मानसिक स्वास्थ्य पर प्रभाव डाल सकते हैं,  लेकिन दो प्रमुख ग्रहों का गोचर आपके फेवर में होगा। ऐसे में, कोई बड़ी स्वास्थ्य समस्या इस वर्ष आपको नहीं आनी चाहिए। 

1 मई 2024 के बाद बृहस्पति का गोचर आपके छठे भाव में होगा जो बीच-बीच में छोटी-मोटी समस्याएं दे सकता है। विशेषकर मौसम जनित बीमारियां परेशान कर सकती हैं, परंतु वह जल्दी ही ठीक हो जाएंगी। साथ ही,कभी-कभार किसी बड़े बुजुर्ग का स्वास्थ्य चिंता देने का काम कर सकता है। सारांश यह है कि स्वास्थ्य की दृष्टिकोण से साल 2024 धनु राशि वालों को काफ़ी हद तक अच्छे परिणाम देता हुआ प्रतीत हो रहा है। कभी-कभी मौसम जनित छोटी-मोटी बीमारियां भी हो सकती हैं जो जल्द ही ठीक भी जाएंगी।

बृहत् कुंडली में छिपा है, आपके जीवन का सारा राज, जानें ग्रहों की चाल का पूरा लेखा-जोखा

2024 में धनु राशि वालों की आर्थिक स्थिति

आर्थिक मामलों में साल 2024 आपको औसत से बेहतर परिणाम दे सकता है। इस वर्ष आपके लाभ भाव का स्वामी शुक्र लगभग 16 बार अपनी राशि परिवर्तन करेंगे जिनमें से ज्यादातर स्थिति में शुक्र आपको अनुकूल परिणाम देना चाहेंगे। धन का कारक बृहस्पति साल की शुरुआत से लेकर 1 मई 2024 तक आपके लाभ भाव पर सीधा प्रभाव डाल रहे होंगे जो आमदनी करवाने का काम कर सकते हैं। साल का शुरुआती हिस्सा अच्छी आमदनी का संकेत कर रहा है। वहीं, 1 मई 2024 के बाद बृहस्पति छठे भाव में चले जाएंगे जो आर्थिक मामलों में थोड़ा धीमापन दे सकते हैं। विशेषकर कर्ज़ के लेनदेन में आपको इस अवधि में सावधानी बरतनी होगी। 

अगर व्यापार के लिए उधार देना पड़े तो पेमेंट वापसी की स्थिति सुनिश्चित करने में ही समझदारी होगी। वहीं, धन भाव की स्थिति को देखें तो धन भाव का स्वामी शनि इस पूरे वर्ष आपके तीसरे भाव में अपनी ही राशि में रहने वाला है। सामान्य तौर पर यह अच्छी स्थिति है। यह धन की बचत करने में आपकी मदद करेगा। साथ ही, जमा पूंजी बेकार में खर्च नहीं होगी, लेकिन 30 जून से लेकर 15 नवंबर के बीच जब शनि देव वक्री होंगे, उस अवधि में कोई आर्थिक रिस्क लेने से बचें। सारांश यह है कि सामान्य तौर पर साल 2024 आपके आर्थिक जीवन के लिए अनुकूल रहेगा।

2024 में धनु राशि वालों का पारिवारिक जीवन

पारिवारिक जीवन में इस वर्ष किसी बड़ी समस्या के योग नहीं है। आपके दूसरे भाव का स्वामी शनि अपनी ही राशि के तीसरे भाव में रहेगा जो परिजनों को ऊर्जावान बनाए रखेगा और ऐसे में, परिजन अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहेंगे और इधर-उधर के कामों में नहीं पड़ेंगे। इसके फलस्वरूप कोई पारिवारिक समस्या नहीं आनी चाहिए। लेकिन, 30 जून से 15 नवंबर के बीच शनिदेव वक्री रहेंगे और ऐसे में, कभी-कभी एक-दूसरे को समझने में थोड़ी चूक या गलती हो सकती है। साथ ही, कुछ सदस्यों के बीच में छोटी-मोटी अनबन देखने को मिल सकती है जो समझदारी दिखाने की स्थिति में शांत भी हो जाएगी। 

वहीं, चतुर्थ भाव में राहु की स्थिति घरेलू जीवन में कुछ समस्याएं दे सकती हैं। इस अवधि में कुछ चीजों का अभाव मन में मलाल पैदा कर सकता है। विशेषकर 1 मई 2024 के बाद इस तरह का एहसास अधिक हो सकता है। लेकिन, इससे पहले बृहस्पति का गोचर अनुकूल होगा जो कोई बड़ी दिक्कत नहीं आने देगा। सारांश यह है कि पारिवारिक मामलों के लिए साल 2024 काफ़ी हद तक अनुकूल रहेगा। वहीं, गृहस्थ जीवन में मिले-जुले परिणाम मिल सकते हैं।

पाएं अपनी कुंडली आधारित सटीक शनि रिपोर्ट

2024 में धनु राशि वालों का प्रेम जीवन

साल 2024 में आपके प्रेम जीवन की बात करें, तो यह वर्ष आपको काफ़ी हद तक अनुकूल परिणाम दे सकता है। साल की शुरुआत से लेकर 1 मई 2024 तक आपके राशि स्वामी बृहस्पति आपके पंचम भाव में गोचर करेंगे। पंचम भाव में बृहस्पति के गोचर को अच्छा माना जाता है। अतः बृहस्पति अनुकूल परिणाम देने की कोशिश करेंगे। हालांकि, मंगल का गोचर इस पूरे वर्ष में आठ बार होगा जिनमें से दो बार अनुकूल, एक बार औसत तथा बाकी के समय कमज़ोर परिणाम दे सकता है। अतः मंगल से विशेष अनुकूलता न मिलने के बावजूद भी बृहस्पति प्रेम जीवन में सीमाओं में रहने पर अच्छे परिणाम देते रहेंगे। 

लेकिन, 1 मई 2024 के बाद परिणाम थोड़े से कमज़ोर रह सकते हैं। इन सबके बीच शनि ग्रह की तीसरी दृष्टि लगातार पूरे वर्ष आपके पंचम भाव पर बनी रहेगी। ऐसी स्थिति में प्रेम जीवन में कोई भी गलत काम करने से बचना होगा, अन्यथा बदनामी होने की आशंका है। साथ ही, इसका कोई न कोई दंड या खामियाजा भी आपको भुगतना पड़ सकता है इसलिए अपनी सीमाओं में रहते हुए प्रेम का आनंद लें। शुक्र का गोचर भी इस मामले में आपके लिए मददगार बनेगा। सारांश यह है कि प्रेम संबंध के लिए वर्ष 2024 सामान्य तौर पर आपको अनुकूलता देना चाहेगा। उस पर भी साल का शुरुआती हिस्सा अपेक्षाकृत ज्यादा अच्छा कहा जाएगा।

2024 में धनु राशि वालों का विवाह और वैवाहिक जीवन

विवाह से जुड़े मामलों की बात करें, तो इस मामले में साल का शुरुआती हिस्सा आपके लिए काफ़ी मददगार रह सकता है। साल की शुरुआत से लेकर 1 मई 2024 तक शुभ एवं मंगल कार्यों के कारक ग्रह बृहस्पति आपके पंचम भाव में रहेंगे जो विवाह की बात को आगे बढ़ाने तथा सगाई जैसे मामलों के लिए काफ़ी अनुकूल कहे जाएंगे। यदि आपकी उम्र विवाह की है और विवाह के लिए कोशिश भी कर रहे हैं, तो कोशिश करें कि 1 मई 2024 से पहले इस बात को पूरी तरह से पक्का कर लें। ऐसा करने पर विवाह होने की संभावना है। इसके बाद का समय तुलनात्मक रूप से कम मददगार साबित हो सकता है। ध्यान रहे कि इस मामले में बेवजह की ज़िद या लालच से बचें क्योंकि शनि की दृष्टि छोटी सी लापरवाही की स्थिति में भी मामले को कमज़ोर कर सकती है।

वैवाहिक जीवन की बात करें, तो इस मामले में इस वर्ष आपको मिले-जुले परिणाम मिल सकते हैं। आपके सप्तम भाव का स्वामी ग्रह बुध इस पूरे वर्ष में 17 बार अपनी राशि परिवर्तन करेगा जिनमें से आधे समय वह आपका फ़ेवर कर सकता है। पूरे वर्ष के दौरान आधी अवधि में बुध आपके फेवर में रहेंगे तो आधी अवधि में बुध औसत या कमज़ोर स्थिति में रह सकते हैं। अतः बुध की तरफ से वैवाहिक जीवन मिला-जुला रह सकता है। बृहस्पति की स्थिति देखें, तो बृहस्पति 1 मई 2024 तक काफ़ी अच्छी स्थिति में रहेंगे जो वैवाहिक संबंधों को पूरी तरह से अनुकूल और मजबूत बनाए रखने की कोशिश करेंगे। वहीं, 1 मई 2024 के बाद बृहस्पति इस मामले में सपोर्ट करना बंद कर सकते हैं। अतः इस अवधि में आप जैसे कर्म करेंगे आपको वैसे परिणाम मिलते रहेंगे। सारांश यह है कि विवाह और वैवाहिक मामलों में साल 2024 आपको मिले-जुले परिणाम दे सकता है। साल का शुरुआती हिस्सा अनुकूल तो वहीं बाकी का हिस्सा औसत या कमज़ोर परिणाम दे सकता है।

2024 में धनु राशि वालों की संतान

सबसे पहले हम बात करेंगे संतान प्राप्ति के बारे में, तो इस वर्ष साल की शुरुआत में ही बृहस्पति आपके फेवर में होंगे। 1 मई 2024 तक बृहस्पति ग्रह की अनुकूलता संतान प्राप्ति के रास्ते को आसान करेगी। हालांकि, पंचम भाव पर शनि की दृष्टि सब कुछ सामान्य नहीं रहने देगी यानी कि संतान प्राप्ति का रास्ता एकदम से आसान रहे, ऐसा जरूरी नहीं है। लेकिन, आपकी कोशिश को काफ़ी हद तक बल देने के लिए देवगुरु बृहस्पति तत्पर रहेंगे। इसके फलस्वरूप, साल का शुरुआती हिस्सा विशेषकर 1 मई 2024 तक का समय संतान से जुड़े मामलों में काफ़ी अच्छे परिणाम दे सकता है, परंतु बाद का समय शायद उतना मददगार न रहे।

संतान के साथ संबंधों की बात करें, तो इस मामले में साल आपको मिले-जुले परिणाम दे सकता है। संतान की शिक्षा इत्यादि के लिए किये जा रहे प्रयास सफल होंगे। संतान की तरक्की के रास्ते और मजबूत होंगे लेकिन शनि की दृष्टि इस बात का संकेत कर रही है कि संतान के साथ बेवजह की बहस और जिद करने से बचना समझदारी का काम होगा। हालांकि, 1 मई 2024 से पहले बृहस्पति की उपस्थिति संतान के साथ संबंधों को अनुकूल बनाए रखेगी। किसी भी तरीके की कोई समस्या आती हुई नजर नहीं आ रही है, लेकिन 1 मई 2024 के बाद बृहस्पति जब छठे भाव में चला जाएगा तब शनि की दृष्टि पंचम भाव में अपना पूरा प्रभाव दिखाकर संतान के साथ संबंधों को कमज़ोर कर सकती है। अतः 1 मई 2024 के बाद संतान के साथ परिस्थितियों के अनुसार तालमेल बिठाकर चलना समझदारी का काम होगा।

ऑनलाइन सॉफ्टवेयर से मुफ्त जन्म कुंडली प्राप्त करें

2024 में धनु राशि वालों का शैक्षिक जीवन  

शिक्षा के दृष्टिकोण से साल 2024 आपको मिले-जुले परिणाम दे सकता है। प्राथमिक शिक्षा का कारक ग्रह बुध इस वर्ष 17 बार अपनी राशि परिवर्तन करेगा जिनमें से आधे समय यह आपको अच्छे परिणाम देगा यानी कि 17 बार में से लगभग 8 से 9 बार का परिवर्तन आपकी शिक्षा में मददगार रहेगा। बाकी का समय औसत या फिर कमज़ोर भी रह सकता है। उच्च शिक्षा के कारक बृहस्पति की स्थिति को देखें, तो साल की शुरुआत से लेकर 1 मई 2024 तक वह आपके पंचम भाव में बने हुए हैं। इसके फलस्वरूप, शिक्षा के मामले में गुरु आपको काफ़ी अच्छे परिणाम दे सकते हैं। आप पूरी तरह से एकाग्रचित होकर अपने अध्ययन को कर पाएंगे। सामान्य तौर पर शिक्षा से संबंधित परिणाम आपको सकारात्मक ही मिलेंगे।

प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं हो अथवा सरकारी परीक्षा, इन तमाम मामलों में बृहस्पति की अनुकूलता आपको सफलता दिलाएगी। जॉब से संबंधित परीक्षा हो या इंटरव्यू, इनमें भी आप अच्छा कर सकेंगे। वहीं, 1 मई 2024 के बाद अध्ययन में कुछ हद तक शिथिलता के भाव देखने को मिल सकते हैं। हालांकि, प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं में भाग लेने के लिए आगे की अवधि अनुकूल रहेगी, लेकिन मेहनत तुलनात्मक रूप से अधिक करनी पड़ सकती है। सारांश यह है कि शिक्षा के दृष्टिकोण से साल 2024 मिला-जुला रह सकता है। उसमें भी सकारात्मकता का प्रतिशत अधिक रह सकता है। साल का शुरुआती हिस्सा काफ़ी अच्छा तो बाद का हिस्सा मिले-जुले या कभी-कभी कुछ कमज़ोर परिणाम भी दे सकता है।

2024 में धनु राशि वालों का पेशेवर जीवन

नौकरी से संबंधित मामलों में यह साल आपको औसत से बेहतर परिणाम दे सकता है। आपके कर्म स्थान का स्वामी बुध इस वर्ष 17 बार अपनी राशि बदलेंगे जिनमें से ज्यादातर यह आपके लिए अनुकूल रहेंगे। वहीं, आपके छठे भाव के स्वामी शुक्र इस वर्ष 16 बार अपनी राशि बदलेंगे जिसमें ज्यादातर समय यह आपका फेवर करना चाहेंगे। अतः शुक्र भी आपकी जॉब में काफ़ी हद तक मददगार बनने का संकेत दे रहे हैं। शनि ग्रह की अनुकूलता भी आपको मिल रही है। 

बृहस्पति का गोचर साल की शुरुआत से लेकर 1 मई 2024 तक आपके पंचम भाव में है। यह भी कार्यक्षेत्र में विशेषकर नौकरी में अनुकूल परिणाम देगा। आप अपने कामों को बहुत अच्छे ढंग से करके वरिष्ठों से प्रशंसा प्राप्त कर सकेंगे। 

साथ ही, आप नए-नए आइडियाज पर काम करके अपने सहकर्मियों के बीच प्रशंसा के पात्र बनेंगे। स्थान-परिवर्तन इत्यादि करवाने में भी बृहस्पति का यह गोचर मददगार बनेगा। आपकी प्लेसमेंट अच्छी जगह हो सकती है। प्रमोशन-इंक्रीमेंट इत्यादि के लिए भी बृहस्पति का यह गोचर आपके लिए मददगार रहेगा। वहीं, 1 मई 2024 के बाद बृहस्पति छठे भाव में जाकर तुलनात्मक रूप से कमज़ोर परिणाम दे सकता है। हालांकि, नौकरी में किसी तरह की कोई बड़ी समस्या नहीं आएगी लेकिन काम की जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। हालांकि इस समय कुछ नए-नए कामों को सीखने के मौके भी मिलेंगे और आप अपने प्रतिस्पर्धियों से बेहतर करते हुए देखे जाएंगे। सारांश यह है कि नौकरी से संबंधित मामलों के लिए साल 2024 काफ़ी हद तक अच्छे परिणाम देता हुआ प्रतीत हो रहा है। साल का शुरुआती हिस्सा काफ़ी अच्छा रह सकता है, तो वहीं मई से लेकर बाद का समय औसत रह सकता है।

क्या वर्ष 2024 में आपके जीवन में होगी प्रेम की दस्तक? प्रेम राशिफल 2024 बताएगा जवाब

2024 में धनु राशि वालों का व्यावसायिक जीवन

कार्यक्षेत्र व व्यापार-व्यवसाय के मामले में साल 2024 आपको सामान्य तौर पर अनुकूल परिणाम दे सकता है। व्यापार-व्यवसाय में आप अपनी बुद्धिमत्ता से, अपने परिश्रम से और अपने पास मौजूद साधनों का सदुपयोग करके काफ़ी अच्छा कर सकेंगे और अच्छे परिणाम भी प्राप्त कर सकेंगे। विशेषकर साल का शुरुआती हिस्सा अच्छे परिणाम दे सकता है। पंचम भाव में बृहस्पति की उपस्थिति आपकी निर्णय लेने की क्षमता को शानदार करके व्यापार में अच्छे परिणाम दिलवाने का काम कर सकती है। हालांकि, चतुर्थ भाव का राहु कभी-कभार मन में शंकाओं के भाव दे सकता है और सब पर आंख मूंदकर यकीन कर लेना अच्छी बात नहीं है। अतः पड़ताल करना जरुरी रहेगा, विशेषकर जिनके साथ आप कोई डील करने जा रहे हैं। इस काम को आप महीने की शुरुआत से लेकर 1 मई 2024 तक बखूबी कर सकेंगे और अच्छे परिणाम प्राप्त कर सकेंगे, लेकिन 1 मई 2024 के बाद बृहस्पति छठे भाव में चला जाएगा। ऐसे में, पंचम भाव में शनि का प्रभाव पूरी तरह से हावी हो जाएगा। साथ ही, चतुर्थ भाव का राहु भी कंफ्यूजन या अनिर्णय की स्थिति दे सकता है। ऐसी स्थिति में स्थितियां तुलनात्मक रूप से कमज़ोर हो सकती हैं। अतः इस समय कहीं पर निवेश करते समय बहुत ही सावधानी से काम लेने की आवश्यकता होगी।

अगर व्यापार-व्यवसाय के लिए कोई प्रोडक्ट या माल वगैरह उधार देना पड़े, तो पेमेंट की वापसी की स्थिति सुनिश्चित कर लेना समझदारी का काम होगा। इस अवधि में व्यापार को पूरी संजीदगी और गंभीरता से देखने की जरूरत रहेगी। 30 जून से 15 नवंबर के बीच जब शनि ग्रह वक्री रहेंगे, उस समय कोई आर्डर हाथ में आते-आते रुक सकता है और आपके मन में खींच के भाव देखने को मिल सकते हैं। ऐसी स्थिति में स्वयं को शांत रखकर धीरे-धीरे आगे बढ़ाने की कोशिश करनी है। 15 नवंबर के बाद आपके द्वारा की गई मेहनत अपना पूरा परिणाम दे सकेगी। सारांश यह है कि साल 2024 व्यापार से संबंधित मामलों के लिए काफ़ी हद तक अनुकूल रहेगा। किसी बड़ी समस्या के योग नहीं है, लेकिन मई के बाद तुलनात्मक रूप से अधिक सावधानी बरतनी होगी। सावधानी पूर्वक किया गया व्यापार या निवेश आपको अच्छे परिणाम दिलाएगा।

2024 में धनु राशि वालों के लिए भूमि व वाहन खरीदने का समय

भूमि और भवन आदि से संबंधित मामलों में साल 2024 आपको मिले-जुले परिणाम दे सकता है। हालांकि, आपके चौथे भाव के स्वामी बृहस्पति की स्थिति साल की शुरुआत से लेकर 1 मई 2024 तक काफ़ी अच्छी रहने वाली है। अतः भूमि और भवन से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णय इस अवधि में सोच-समझकर लें। राहु की चतुर्थ भाव में स्थित इस बात का भी संकेत कर रही है कि यदि आप विवादित प्रॉपर्टी खरीदने से बचेंगे तो ज्यादा अच्छा रहेगा क्योंकि राहु ऐसी प्रॉपर्टी के प्रपोजल्स आपके सामने रख सकता है जो किसी न किसी तरह से विवादित हो और बाद में उस प्रॉपर्टी को लेकर आपको भागदौड़ या उलझाव का सामना करना पड़े। 

इसी तरह, यदि आप वाहन खरीदने की कोशिश करेंगे तो वह कोशिश 1 मई 2024 से पहले आसानी से पूरी हो सकती है। आप वाहन खरीद सकते हैं और ऐसे में, नए वाहन की खरीदारी ज्यादा समझदारी का काम होगा। पुराना वाहन इस समय परेशानी देने का काम कर सकता है। चतुर्थ भाव का राहु पुराने वाहन में बार-बार खराबी देने की कोशिश कर सकता है। शायद इसी वजह से आप नया वाहन खरीदने की कोशिश कर रहे हैं, तो ऐसे में नया वाहन खरीदना समझदारी का काम होगा। 1 मई 2024 के बाद वाहन खरीदने में थोड़ी ज्यादा मेहनत करने की जरूरत पड़ सकती है इसलिए कोशिश करें कि साल के शुरुआती समय में ही वाहन की खरीदारी संपन्न कर लें। सारांश यह है कि भूमि, भवन, वाहन इत्यादि से संबंधित मामलों के लिए साल 2024 आपको अनुकूल परिणाम दे सकता है लेकिन साल का शुरुआती हिस्सा ही अधिक अनुकूल रहेगा। विशेषकर 1 मई 2024 से पहले का समय अच्छा रहेगा और बाद का समय तुलनात्मक रूप से कमज़ोर या उलझाव भरा रह सकता है।

2024 में धनु राशि वालों के लिए उपाय 

  • विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें। 
  • संभव हो तो प्रतिदिन अन्यथा सप्ताह में एक दिन आटे की लोई में गुड़ व चना डालकर गाय को खिलाएं।
  • शरीर के ऊपरी हिस्से में चांदी पहनें। 
  • मई के बाद प्रत्येक तीसरे महीने में पुजारी को पीले कपड़े दान करें। 
  • माता व माता तुल्य स्त्रियों की सेवा व सत्कार कर उनका आशीर्वाद लें। 

सभी ज्योतिषीय समाधानों के लिए क्लिक करें: ऑनलाइन शॉपिंग स्टोर

हम उम्मीद करते हैं कि आपको हमारा यह लेख ज़रूर पसंद आया होगा। अगर ऐसा है तो आप इसे अपने अन्य शुभचिंतकों के साथ ज़रूर साझा करें। धन्यवाद!