भाग्य को करना है प्रबल तो आजमाएं मोर पंख के ये दस सरल उपाय

भाग्य को करना है प्रबल तो अपनाएं मोर पंख के ये दस सरल उपाय

मनुष्य का जीवन आसान नहीं है। सुख और दुःख जीवन का हिस्सा है। किसी की ज़िन्दगी में ज्यादा निराशा है तो किसी की ज़िन्दगी में कम। पर मनुष्य को कोशिश करते रहना चाहिए और यही मनुष्यता का सार है। बहुत से मनुष्य होते हैं जिनको अपने जीवन में ज्यादा मेहनत के बदले कम फल मिलता है। ऐसे में निराश होना स्वाभाविक है। लेकिन निराशा को छोड़ कर अगर कुछ घरेलु उपाय किये जाएँ तो संभावना है कि हालात में सुधार हो। इसलिए ही हम आज आपको मोर पंख से जुड़े 10 घरेलु उपाय बताने जा रहे हैं जिसको अपनाकर आप अपनी ज़िन्दगी में सुधार ला सकते हैं।

पहला उपाय

पुराने जमाने में बड़े-बुजुर्ग मोर पंख का इस्तेमाल शरीर से जहर निकालने के लिए करते थे। ऐसे में लगभग सभी घरों में मोर पंख मौजूद रहता था। आज भी ये मान्यता है कि घर में मोर पंख रखने से घर के सदस्यों का स्वास्थ्य बेहतर रहता है।

दूसरा उपाय 

राहु को ज्योतिष शास्त्र में छाया ग्रह माना गया है। राहु जिसकी कुंडली में गलत भाव में मौजूद हो, वह जातक अनैतिक कार्यों की तरफ खींचा चला जाता है। ऐसे में अगर आप भी राहु दोष जैसी समस्या से ग्रस्त हैं तो आप मोर पंख की ताबीज बनाकर उसे अपने दाहिने हाथ की बाजू पर बाँध लें। राहु दोष से छुटकारा मिलेगा।

तीसरा उपाय 

अगर आपकी आर्थिक स्थिति लाख कोशिशों के बाद बेहतर नहीं हो पा रही है तो आप अपने पर्स या फिर घर के उस स्थान पर जहाँ आप पैसे रखते हों, वहां मोर पंख रख दें। आपको अपनी आर्थिक स्थिति में सुधार दिखने लगेगा।

चौथा उपाय 

शनि देवता को प्रसन्न करना है? मोर पंख से यह भी मुमकिन है। करना यह है कि एक काले धागे में तीन मोर पंख बाँधकर उसे एक साफ़ कपड़े पर कुछ सुपाड़ी के साथ रख दें। फिर हाथ में गंगाजल या फिर साधारण जल लेकर उसपर छिड़कते हुए “ॐ शनैश्चराय नमः” का 21 बार जाप करें। शनि देवता की कृपा होगी।

पांचवा उपाय 

घर में किसी भी प्रकार का वास्तु दोष हो तो घर के मुख्य द्वार पर भगवान गणेश की प्रतिमा के साथ दो मोर पंख रखें। हर तरह के वास्तु दोष ख़त्म होंगे।

छठा उपाय

अगर घर में कोई छात्र हो और उसका ध्यान पढ़ाई में नहीं लग रहा हो या फिर पढ़ाई में मेहनत तो पूरी हो रही है लेकिन ध्यान एकाग्र करने में परेशानी आ रही है तो ऐसी स्थिति में उसे किताब में मोर पंख रखने की सलाह दें। सुधार महसूस होगा।

सातवां उपाय 

वैसे व्यापारी बंधु जिनको व्यापार में घाटा लग रहा है या घाटे का डर सता रहा है, वे घर या फिर अपनी दुकान के पूर्व दिशा में मोर पंख रखें। आर्थिक स्थिति मजबूत होती दिखेगी।

आठवां उपाय 

वैसे जातक जिनके दाम्पत्य जीवन में अनबन चल रही हो, वे अपने शयन कक्ष में मोर पंख रखें या फिर शयन कक्ष में मोर की तस्वीर लगाएं। रिश्ते में मधुरता आएगी। आपसी सम्बन्ध प्रगाढ़ होंगे।

नौंवा उपाय 

पारिवारिक जीवन में सुख समृद्धि के लिए भगवान कृष्ण की प्रतिमा के सामने मोर पंख रखें। ऐसा करने से भगवान कृष्ण प्रसन्न होते हैं।

दसवां उपाय 

घर के मुहाने पर मोर पंख लगा दें। इससे घर के अंदर किसी भी तरह की नकारात्मक ऊर्जा प्रवेश नहीं करेगी। घर का माहौल भी सुखद रहेगा।

हम उम्मीद करते हैं कि आपको हमारा ये लेख पसंद आया होगा। अगर ऐसा है तो आप इसे अपने अन्य शुभचिंतकों के साथ साझा कर सकते हैं।